कांवड़ यात्रा पर पढ़ी गई कविता पर मच गया बवाल, कविता वायरल
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 11:45 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 11:45 AM
UP News : उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक अध्यापक ने कांवड़ यात्रा पर कविता पढ़ी। अध्यापक की कविता सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। कविता वायरल होते ही इस कविता पर पूरे उत्तर प्रदेश में बवाल मच गया है। कांवड़ के ऊपर लिखी गई कविता पढ़ने वाले अध्यापक के विरुद्ध FIR दर्ज करा दी गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद अध्यापक उत्तर प्रदेश सरकार के ऊपर भड़क गए हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांवड़ पर पढ़ी गई कविता का वीडियो X पर पोस्ट किया है।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के अध्यापक का वीडियो हुआ वायरल
कांवड़ के ऊपर पढ़ी गई वायरल वीडियो का मामला उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का है। बरेली के रहने वाले अध्यापक रजनीश गंगवार ने अपने स्कूल में बच्चों के सामने कांवड़ यात्रा के ऊपर एक कविता पढ़ी थी। कविता के बोल इस प्रकार से हैं कि, ‘‘कांवड़ लेने मत जाना, तुम ज्ञान का दीप जलाना, मानवता की सेवा करके तुम सच्चे मानव बन जाना।’’ स्कूल के किसी बच्चे ने अध्यापक रजनीश गंगवार की कविता को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते कांवड़ पर पढ़ी गई यह कविता सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी कविता वाले वीडियो को X पर पोस्ट कर दिया। यहां आप भी देख सकते हैं वायरल वीडियो...
उत्तर प्रदेश पुलिस ने दर्ज कर ली अध्यापक के खिलाफ FIR
कांवड़ पर पढ़ी गई कविता का वीडियो वायरल होते ही पूरे उत्तर प्रदेश में बवाल मच गया। उत्तर प्रदेश में सक्रिय तमाम हिन्दुवादी संगठनों ने इस कविता को कांवड़ यात्रा का अपमान बताया। हिन्दुवादी संगठनों ने मामले की लिखित शिकायत उत्तर प्रदेश पुलिस से भी कर दी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FIR दर्ज कर ली है। उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की बारीकी के साथ जांच की जा रही है।
FIR दर्ज होने पर भड़क उठे अध्यापक रजनीश गंगवार
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा अध्यापक रजनीश गंगवार के खिलाफ FIR दर्ज होते ही गंगवार भड़क उठे। रजनीश गंगवार ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि कुछ लोग मुझसे नफरत करते हैं। मुझे जानबूझकर टारगेट किया जा रहा है। अगर इतने ही हिंदूवादी संगठन वाले हैं तो मंत्री राजभर पर मुकदमा क्यों नहीं करते, जब वो उल्टा बोलते हैं। उन लोगों की मेरे प्रति गलत भावनाएं हैं, गलत मानसिकता है, इसलिए मुझ पर मुकदमा करा दिया। रजनीश ने आगे कहा कि मेरी कविता छोटे बच्चों के लिए थी, जिनका पढ़ाई करना बेहद आवश्यक है। इस समय जो कांवड़ यात्रा चल रही है, उसमें कहीं मारपीट की बात सामने आ रही है तो कहीं नशाखोरी हो रही है। इसलिए मैंने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए और इस तरह की घटना को रोकने के लिए कविता पढ़ी थी। मेरा कोई गलत इरादा नहीं था। बकौल रजनीश गंगवार- मैं एक साहित्यकार हूं, कवि हूं, पूर्व में भी कविताएं पढ़ी हैं। कविताएं और लेख लिखता हूं। ऐसे ही कांवड़ पर रचनात्मक कविता लिखी थी। उसी के माध्यम से बच्चों को समझा रहा था। उन्हें संदेश दिया कि शिक्षालय द्वारा ज्ञान प्रकाश प्राप्त करो। हमारा कोई गलत उद्देश्य नहीं था। जिन लोगों ने मुकदमा कराया है वह लोग हमसे ईर्ष्या रखते हैं। अगर उनकी भावनाएं आहत हुई होती तो वह लोग मंत्री राजभर पर भी मुकदमा करा चुके होते। मैंने पूरी कविता में किसी धर्म का नाम नहीं लिया। कांवड़ पर पढ़ी गई कविता का यह मामला पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।