पेपर लीक के खिलाफ सड़क पर उतरे सपाई, शिक्षा मंत्री से की इस्तीफे की मांग
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 03:22 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 03:22 PM
UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सपा छात्र सभा ने मंगलवार को नीट और नेट परीक्षाओं में पेपर लीक और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। विरोध के चलते विक्रमादित्य मार्ग पर पुलिस ने रास्ता बंद कर दिया। सपा छात्र सभा के सदस्य सपा कार्यालय से राजभवन की ओर जुलूस निकाल रहे थे। वे काले झंडे लिए हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
UP News
सपा छात्र सभा ने किया प्रदर्शन
सपा छात्र विंग के नेताओं का जुलूस विक्रमादित्य मार्ग पर पहुंचा, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने सपा छात्र सभा के कई पदाधिकारियों को हिरासत में लिया। इसके बावजूद, प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे और अपनी मांगों को जोरदार तरीके से प्रस्तुत करते रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर जल्द ही और बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे अपने विरोध को और तेज करेंगे।
सरकार की विफलताओं को किया उजागर
सपा छात्र सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार की विफलताओं को उजागर करने के लिए था, और वे अपने छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट और नेट जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं बार-बार हो रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे सुधारने की मांग की है। UP News