शादी के लड्डू खाने की इतनी जल्दबाजी, शख्स का गजब डिमांड सुनकर दंग रह गए विधायक जी
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 07:52 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 07:52 PM
UP News : उत्तर प्रदेश वायरल वीडियोज के लिए काफी मशहूर बनता जा रहा है। आए दिन उत्तर प्रदेश का कोई ना कोई ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर धडल्ले से वायरल हो जाता है। जिसमें प्रदेश के लोग कोई अनोखा कारनामा करते नजर आ जाते हैं। यूं तो उत्तर प्रदेश के कई वीडियोज ऐसे भी हैं जिसमें कई रीलप्रेमी अपने अनोखे अंदाज से लोगों का दिल जीत लेते हैं। बहरहाल इन दिनों सोशल मीडिया का जो वीडियो चर्चाओं का हिस्सा बना है वो महोबा जिले का बताया जा रहा है। जिसमें एक व्यक्ति को शादी के लड्डू खाने की इतनी जल्दबाजी है कि वो महोबा विधायक से शादी कराने की फरियाद करने लगा। उत्तर प्रदेश के महोबा का ये वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
'मैंने आपको वोट दिया, अब आप ही मेरी शादी करवाओ'
महोबा के वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी चरखारी से विधायक ब्रजभूषण राजपूत से शादी कराने की गुहार लगा रहा है। बताया जा रहा है कि विधायक अपनी कार में तेल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। विधायक पर कर्मचारी की नजर जैसे ही पड़ी वैसे ही वो उनके पास दौड़कर पहुंचा और कहने लगा, मैंने आपको वोट दिया है, अब आप मेरी शादी करवाओ। जिसके बाद विधायक ने उस कर्मचारी को जल्द ही लड़की तलाश कर शादी कराने का आश्वासन दिया है।
विधायक ने शख्स की शादी कराने का लिया जिम्मा
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स की ये अनोखी फरियाद सुनकर विधायक काफी दंग रह गए हैं। जब विधायक ने पेट्रोल पंप कर्मचारी से पूछा कि, आपने किसी और से भी शादी के लिए कहा है तो कर्मचारी ने कहा कि आपके खिलाफ चुनाव लड़ रहे गोस्वामी जी से भी शादी कराने को कहा था। इसके बाद विधायक ने उससे सैलरी भी पूछी। इसके जवाब में उसने कहा कि सैलरी छह हजार रुपये महीना है। उसके पास 13 बीघा जमीन भी है। इस पर विधायक ने कहा कि अरे तुम तो काफी अमीर हो, तुम्हारी शादी अब हम कराएंगे। UP News