सीएम योगी ने बिजली विभाग के साथ की अहम बैठक, स्मार्ट मीटर लगाने पर दिया जोर
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 09:44 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 09:44 AM
UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ऊर्जा विभाग के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें विभाग द्वारा प्रस्तुत प्रजेंटेशन का अवलोकन किया गया। इस दौरान सीएम योगी ने बिजली बिल समय पर जमा कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। सीएम ने कहा कि जिस प्रकार लोग मोबाइल का बिल समय पर जमा करते हैं, उसी प्रकार बिजली का बिल भी नियत समय पर जमा कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए एक सुदृढ़ मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्मार्ट मीटर लगाने पर भी जोर दिया और कहा कि जनता को इसके लिए तैयार किया जाए क्योंकि स्मार्ट मीटर आज की आवश्यकता है।
UP News
उपभोक्ताओं को OTS के बारें में करें जागरूक - सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिजली का बिल सही समय पर और बिना गड़बड़ी के हर उपभोक्ता के घरों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए मीटर रीडर को जवाबदेह बनाना जरूरी है। वहीं उपभोक्ताओं को ओटीएस के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि बकाया बिजली के बिल जमा करने में मिलने वाली सहूलियत के बारे में जानकारी हो।
सोशल मीडिया का उपयोग करने का सीएम ने दिया सुझाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को बिजली बिल के नाम पर किसी भी सूरत में परेशान न किया जाए। इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के बाद अब क्वालिटी मेंटेन करने पर जोर दिया जाएगा। मेंटेनेंस के कारण अगर बिजली कटौती होती है, तो इसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जानी चाहिए, इसके लिए सोशल मीडिया का उपयोग करने का सुझाव दिया।
स्मार्ट मीटर की कवायद तेज
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश में बिजली सप्लाई के घंटों में बढ़ोतरी हुई है और स्मार्ट मीटर की कवायद तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। सीएम योगी ने ईज ऑफ लिविंग के लिए इसे आवश्यक बताया, जिससे सच्चे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। दरअसल, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को कम करना और प्रदेश में ऊर्जा आपूर्ति को और भी बेहतर बनाना था। UP News