भारत-पाक तनाव के बीच CM योगी ने ले लिया बड़ा फैसला, आपात स्थिति से...
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 09:11 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 09:11 AM
UP News : भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में बढ़े तनाव के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की आंतरिक सुरक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) के निर्देश पर अब नागरिक सुरक्षा प्रणाली (Civil Defence System), जो फिलहाल केवल 15 जिलों में लागू थी, उसे पूरे 75 जिलों में विस्तार देने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय का उद्देश्य राज्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को बेहतर बनाना, त्वरित प्रतिक्रिया को सुनिश्चित करना और एक मजबूत एवं लचीला सुरक्षा ढांचा खड़ा करना है।
चलाए जाएंगे जन जागरूकता अभियान
सरकारी बयान के अनुसार, इस पहल के तहत आपातकालीन स्थितियों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी और राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा और राहत एवं बचाव कार्यों में दक्ष बनाया जाएगा ताकि वे संकट के समय अहम भूमिका निभा सकें। सभी जिलों में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे और जनसामान्य को इस प्रणाली से जोड़ने के लिए जन जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
आपात स्थिति से निपटने के लिए जागरूक
इसके पहले भी भारत-पाक तनाव की स्थिति में यूपी के कई जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी जिसमें ब्लैकआउट, फ्लैग मार्च और आपातकालीन प्रशिक्षण जैसे अभ्यास शामिल थे। स्वयं मुख्यमंत्री योगी और पुलिस महानिदेशक (DGP) ने लोगों से इन मॉक ड्रिल में सहयोग की अपील की थी। इस पूरी कवायद का उद्देश्य आम नागरिकों को किसी भी आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए जागरूक और तैयार करना है। यह कदम न केवल राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएगा, बल्कि नागरिक सहभागिता को भी बढ़ावा देगा। UP News