बर्थडे मनाने के लिए लग्जरी गाड़ियों के साथ हुड़दंगबाजों का काफिला, 21 लड़के गिरफ्तार
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 06:01 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 06:01 PM
UP News : हाल ही में उत्तर प्रदेश के लखनऊ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। जिसमें बर्थडे पार्टी के नाम पर कुछ युवकों ने चलती सड़क पर जमकर उत्पात मचाया था। जिसके बाद लखनऊ पुलिस हरकत में आ गई थी और हुडदंग करने वाले युवकों की तलाश में जुट गई थी। ऐसे में लखनऊ के इस मामले में एक नया मोड़ आया है। दरअसल लखनऊ पुलिस ने 21 लड़कों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, बर्थडे बॉय के अब भी फरार होने की खबर है।
क्या था मामला?
बता दें कि, लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास भीड़भाड़ वाले चौराहे पर कुछ युवक बर्थडे पार्टी के नाम पर बवाल काट रहे थे। इस बर्थडे पार्टी में 50 से ज्यादा लग्जरी गाड़ियां शामिल थीं। इन लग्जरी गाड़ियों में ज्यादातर गाड़ियां ब्लैक कलर की थीं। गाड़ियों के बोनट पर केक काटे गए। कुछ गाड़ियों की छतों पर युवकों ने तेज आवाज में गाना बजाकर डांस किया। युवाओं का हुडदंग यहीं खत्म नहीं हुआ हैरानी तो तब हुई जब युवाओं ने चौराहे पर जमकर आतिशबाजी करनी शुरू की। इस दौरान पुलिस नदारद रही और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस रईसी बर्थडे पार्टी को लेकर स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्टी में शामिल युवकों ने फायरिंग भी की। जब इसका विरोध किया गया तो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, पुलिस द्वारा फायरिंग की पुष्टि नहीं की गई थी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ था जिसने लोगों के होश उड़ा दिए थे। UP Hindi News
पुलिस कर रही फरार लोगों की तलाश
इंटरनेट पर जैसे ही 50 से ज्यादा गाड़ियों के साथ बर्थडे मनाने का यह वीडियो वायरल हुआ, पुलिस हरकत में आ गई और एक्शन लेते हुए दो लोगों को पहले गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दर्जन भर से अधिक और लोगों की गिरफ्तारी हुई। लखनऊ पुलिस बीच सड़क पर लग्जरी कारों के काफिले के साथ बर्थडे पार्टी मनाने वालों को खोज कर कार्रवाई कर रही है। अभी तक इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और उनको जेल भेजा है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दर्जनों गाड़ियों को भी सीज किया गया है। UP Hindi News