विज्ञापन
Unnao Bus Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार स्लीपर बस और अर्टिगा कार के बीच हुई भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार स्लीपर बस और अर्टिगा कार के बीच हुई भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर पलट गई जिससे कई यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस ने पीछे से अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर पलट गई।
बताया जा रहा है कि, इस हादसे में अर्टिगा कार में सवार पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में दिव्या (6 वर्ष), अमृता (13 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और कार चालक विनोद (45 वर्ष) की मौत हुई है। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस के अनुसार स्लीपर बस हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही थी। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चार यात्रियों को चोटें आई हैं जिन्हें तुरंत बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भयंकर हादसा, 8 की दर्दनाक मौत
बांगरमऊ के क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि शुरुआती जांच में बस चालक को झपकी आने की आशंका सामने आई है। माना जा रहा है कि इसी कारण बस अनियंत्रित हुई और कार से जा टकराई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हादसे की असली वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। राहत दल के पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने भी घायलों की मदद की। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया। हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि चालक, वाहन की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन