आलू के बोरों में छिपाकर ले जा रहे थे ये नशीली चीज, पुलिस ने धर दबोचा
Noida News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 02:15 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 02:15 PM
Noida News : दिल्ली से सटे नोएडा की पुलिस के हाथों बड़ी कामयाबी लगी है। जानकारी के अनुसार दक्षिण भारत राज्य कर्नाटक और केरल में नकली तंबाकू सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह को नोएडा पुलिस ने पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने इस गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब एक करोड रुपए मूल्य का नकली तंबाकू बरामद किया है। गिरोह के सदस्यों ने चेकिंग के दौरान नोएडा पुलिस को चकमा देने के लिए आलू के बोरों के पीछे नामी कंपनी की नकली तंबाकू को छुपा रखा था।
क्या था पूरा मामला ?
नोएडा पुलिस के हाथों लगी इस बड़ी कामयाबी के बारे में बताते हुए डीसीपी क्राइम शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि नोएडा थाना सेक्टर 126 पुलिस ग्राम गढ़ी शाहपुर के पास मुखबिर ने सूचना दी कि कर्नाटक नंबर के एक ट्रक में दिल्ली से नकली तंबाकू लाद कर ले जाया जा रहा था। इस दौरान नोएडा क्राइम रिस्पांस टीम सीआरटी मौके पर पहुंच गई। थाना पुलिस तथा सीआरटी की टीम ने पुस्ता रोड जेपी कट के पास जाल बिछा दिया गया था। कुछ देर बाद ओखला की तरफ से आ रही एक अर्टिगा कार और ट्रक को नोएडा पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
Noida News
नोएडा पुलिस को देखकर कार और ट्रक चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रुकवा लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें आलू से भरे हुए बोरे लदे हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब गहनता से जांच की तो आलू के बोरों के नीचे तंबाकू के पैकेट बरामद हुए। ट्रक से बरामद बोरों में हंस छाप तंबाकू के पैकेट भरे हुए थे। ट्रक में प्लास्टिक के 138 बोरों से 8418 किलोग्राम नकली तंबाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने कई लोगों को लिया हिरासत में
पुलिस ने कार चालक मनोज सरोज पुत्र लाल चंद्र, रमेश भट्टी पुत्र परमानंद तथा ट्रक चालक सैयद जबी ऊल्ला पुत्र सैयद ऊल्ला, ब्रह्मपुत्र प्रमोद शिवम जायसवाल पुत्र राम जी जायसवाल तथा जाकिर हुसैन पुत्र शेख मोइनुद्दीन को पकड़ा। डीसीपी क्राइम ने बताया कि आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वह ट्रक में हंस छाप ब्रांड का नकली तंबाकू लादकर ले जा रहे थे। इस तंबाकू को वह बेंगलुरु कर्नाटक केरल आदि में सप्लाई करते हैं। उन्होंने विकास उर्फ चाचा पुत्र बनिया निवासी जगतपुर बुराड़ी थाना वजीराबाद दिल्ली से यह नकली तंबाकू खरीदा था। पुलिस से बचने के लिए वह ट्रक में तंबाकू के बोरों के ऊपर आलू की बोरियां रख देते थे जिससे चेकिंग में किसी को भी नकली तंबाकू होने की भनक नहीं लगती थी। इसके अलावा पुलिस से बचने के लिए उनके दो साथी अर्टिगा कार से ट्रक के आगे चलते थे। कहीं अगर चेकिंग होती थी तो कार सवार उनके साथी उन्हें फोन कर जानकारी दे देते थे जिसके बाद वह ट्रक को रास्ते में ही रोक लेते थे।
मामले में पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई
डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया आरोपियों से बरामद तंबाकू की कीमत करीब 1 करोड़ के आसपास है। हंस ब्रांड का नकली तंबाकू पकड़े जाने की जानकारी मिलने पर कंपनी के निदेशक अधिकृत जांच अधिकारी सिद्धार्थ गौर तथा अधिकृत जांच अधिकारी सौरभ शर्मा भी थाने पहुंचे उन्होंने भी पकड़े गए तंबाकू के नकली होने की पुष्टि की दोनों ने बताया कि आरोपियों ने उनकी कंपनी के जैसी पैकिंग मार्किंग में ट्रेडमार्क की नकल कर पैकिंग तैयार कर उसमें नकली तंबाकू भरा हुआ है। उन्हें भी पिछले काफी समय से नकली तंबाकू बेचे जाने की खबर मिली थी। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त आर्टिका कार व ट्रक को भी सीज कर दिया है। Noida News