रिश्तों का कत्ल: गर्भवती होने पर मामा ने रचाई भांजी से शादी
UP News
UP News
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 02:48 PM
UP News
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 02:48 PM
UP News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में रिश्तों को कत्ल कर देने वाली खबर आ रही है। यहां पर एक मामा ने पहले अपनी भांजी से शारीरिक संबंध बनाए। जब भांजी गर्भवती हो गई, तो मामला परिजनों और पुलिस तक पहुंचा, तो आरोपी ने कार्रवाई से बचने के लिए उसी भांजी से मंदिर में शादी कर ली। यह शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मां-बाप को खो चुकी मामा के घर रह रही थी किशोरी
हमीरपुर जनपद के सुमेरपुर थाना क्षेत्र का मामला है। यहां पर मां-बाप को खो चुकी एक किशोरी अपने ननिहाल में रह रही थी, लेकिन जिस मामा पर वह भरोसा करती थी, उसी ने भरोसे की हत्या कर दी। आरोप है कि मामा ने किशोरी के साथ कई महीनों तक शारीरिक संबंध बनाए। डर और रिश्ते के नाम पर चुप रही किशोरी की हालत तब बिगड़ी जब वह गर्भवती हो गई। अचानक परिजनों को इसका पता चला तो वे उसे लेकर सीधे सुमेरपुर थाने पहुंचे। जहां पर मामले की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तत्काल आरोपी मामा को पकड़वा लिया, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पुलिस प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए।
बदनामी से बचने के लिए रचाया ब्याह
पुलिस कार्रवाई और सामाजिक बदनामी से बचने के लिए आरोपी मामा ने शादी की पेशकश रखी। गांव के प्रधान और ग्रामीणों की मौजूदगी में मंदिर में शादी भी करा दी गई। फूल-मालाएं पहनकर आरोपी ने उसी भांजी को पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया। इस पूरी घटना ने कानून, सामाजिक चेतना और नैतिकता को शर्मसार कर दिया है। सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि क्या एक बलात्कार को शादी से ढंका जा सकता है, बल्कि यह भी है कि जब समाज ही अपराध को 'व्यवस्था' बना ले, तो न्याय कहाँ खड़ा रहेगा?
क्या कहना है पुलिस का
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है, लेकिन बाल अधिकार और महिला संरक्षण आयोग जैसे संस्थानों की चुप्पी भी इस मामले में सवालों के घेरे में है। हमीरपुर की यह घटना हमारे समाज के उस अंधेरे कोने की याद दिलाती है, जहां एक मासूम की जिंदगी, रिश्ते की आड़ में तबाह कर दी जाती है और जवाबदेही की जगह समझौते बैठ जाते हैं। ऐसे मामलों में विवाह अपराध का प्रायश्चित बन सकता है? या यह अपराध को वैधता देने का एक खतरनाक चलन बनता जा रहा है? UP News