अधर में लटका जापानी व डी पार्क का काम, नोएडा प्राधिकरण अभी तक जारी नहीं कर पाया टेंडर
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 07:10 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 07:10 PM
Noida News : नोएडा प्राधिकरण की बहु प्रतीक्षित योजना सेक्टर-94 में बनने वाले डी पार्क तथा सेक्टर-62 के डी पार्क का कार्य फिलहाल अधर में लटक गया है। इसके लिये अभी तक नोएडा प्राधिकरण निविदा जारी नहीं कर पाया है। प्राधिकरण ने इन पार्क की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट डीपीआर तैयार कर जुलाई महीने में आईआईटी दिल्ली को मंजूरी के लिए भेज दिया था। अगस्त महीने में आईआईटी से इसको मंजूरी मिल गई थी।
सितंबर में जारी किया गया था टेंडर
इसके बाद दावा किया गया था कि सितंबर महीने में टेंडर जारी कर नवंबर-दिसंबर तक काम शुरू करा दिया जाएगा। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-94 में बनने वाले जापानी पार्क में संस्कृति के उन पहलुओं को दिखाया जाएगा जिनमें प्रकृति प्रेम, शांति, और अध्यात्म जैसे गुण हैं। पार्क में जापानी झूले, ड्रेगन के आकार का झूला, कई सेल्फ़ी पॉइंट, वॉकिंग ट्रैक, झरने, नदियां, द्वीप और पुल होंगे।
ज्यादातर संख्या में होंगे बांस के पेड़
यहां कुछ ऐसे पेड़-पौधे भी उगाए जाएंगे जो मियावाकी तकनीक से उगाए जाएंगे। ये पेड़ 2-3 साल में घने जंगल का रूप ले लेंगे। इस पार्क में बांस के पेड़ों की संख्या ज़्यादा होगी। यहां आम तौर पर ऐसे पेड़ भी होंगे जो उत्तर भारत मैदानी इलाकों में नहीं दिखाई देते। यह करीब 14 एकड़ में बनवाया जाएगा। पार्क के अंदर 2 वाटर बॉडी होंगी। बीच वाली वाटर बॉडी के ऊपर से फुटपाथ निकाला जाएगा। प्रवेश द्वार के पास एक बड़ा हॉल बनवाया जाएगा। इसके अलावा पूरे पार्क में 6 हट, जॉगिंग ट्रैक बनवाया जाएगा।
तितलियों के ठिकानों के लिए सजाया जाएगा झील
खास बात यह होगी यह पार्क तीन तरफ से खुला हुआ है। इसलिए दो तरफ पार्क के अंदर ही ओपन पार्किंग बनवाई जाएंगी। इसकी लागत करीब 18 करोड़ रुपये अनुमानित है। यह पार्क ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के पास होगा। सेक्टर-62 डी-पार्क को नोएडा प्राधिकरण नए सिरे से संवारेगा। पार्क में प्रवेश के लिए बड़ा प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। यहां पर क्योस्क व फूड कोर्ट भी होंगे। इसके साथ ही अंदर तितलियों के ठिकाने (बटरफ्लाई डोम) व झील को भी नए सिरे से संवारा जाएगा। Noida News