नोएडा के मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों का हंगामा, ऑटो चालकों की मनमानी पर फूटा गुस्सा
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:54 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:54 PM
Noida News : नोएडा के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बाहर शुक्रवार शाम उस वक्त हंगामा मच गया जब यात्रियों ने ऑटो चालकों (Auto Drivers) की मनमानी और बढ़े हुए किराए के खिलाफ विरोध जताना शुरू कर दिया। दैनिक यात्रियों ने रोड जाम कर दिया और हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस (Noida Traffic Police) ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र का है। यहां सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन के पास खड़े होने वाले ऑटो चालकों द्वारा मनचाहा किराया वसूलने से नाराज यात्रियों ने सड़क पर हंगामा किया और जमकर नारेबाज़ी की। बताया जा रहा है कि नोएडा की यातायात पुलिस ने एक नया नियम लागू किया है जिससे ऑटोचालकों ने सवारियों से दोगुना किराया लेना शुरू कर दिया है। यहां देखें वीडियो...
[video width="848" height="480" mp4="https://test.chetnamanch.com/wp-content/uploads/2025/05/WhatsApp-Video-2025-05-17-at-11.30.23-AM.mp4"][/video]
नोएडा यातायात पुलिस की सख्ती
नोएडा की यातायात पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऑटो चालकों पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। दरअसल ऑटो चालक संख्या से अधिक सवारी बैठाकर यातायात के नियमों को तोड़ते हैं और यात्रियों की सुरक्षा को भी खतरे में डालते हैं। यातायात पुलिस की सख्ती के बाद अब ऑटो में 3 सवारी और एक ड्राइवर ही मौजूद होना चाहिए अगर ऑटो में इससे ज्यादा सवारी पाए गए तो ऑटो चालक का चालान काटा जाएगा। यातायात पुलिस के इस नियम से परेशान आकर ऑटो चालकों ने यात्रियों से दोगुना पैसे वसूलने शुरू कर दिए है। जिसके बाद परेशान यात्रियों ने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
सवारियों का आरोप
यात्रियों का आरोप है कि मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते ही ऑटो चालक नियमित किराए से कई गुना ज्यादा पैसे मांगते हैं और मना करने पर दुर्व्यवहार करते हैं। कुछ यात्रियों ने यह भी बताया कि ऑटो वालों ने साझा सवारी तक बंद कर दी है, जिससे अकेले सफर करने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जल्द ही की जाएगी उचित कार्रवाई
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंचे एसीपी ने समझदारी से मामला शांत कराया और लोगों को सड़क खाली करवाने के लिए समझाया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि ऑटो चालकों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से मेट्रो स्टेशन पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।