नोएडा पुलिस कमिश्नर का अभिभावकों को संदेश, बच्चों के प्रति रहें संवेदनशील, कठोरता पड़ेगी घातक
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:28 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:28 PM
Noida News : नोएडा के सेक्टर-56 स्थित उत्तराखंड पब्लिक स्कूल के लापता दो छात्र सकुशल मिल गए हैं। दोनों बच्चों के मिलने के बाद नोएडा पुलिस ने राहत की सांस ली है। वहीं बच्चों के परिजन भी खुश हैं। इस पूरे प्रकरण के बाद नोएडा (गौतमबुद्धनगर) पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने सभी अभिभावकों को एक संदेश दिया है। संदेश में पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि बच्चों के साथ कठोरता घातक बन सकती है।
लापता बच्चे सकुशल मिले
आपको बता दें कि सेक्टर-58 थाना क्षेत्र से लापता दोनों छात्रों को नोएडा पुलिस ने अथक मेहनत के बाद सकुशल बरामद कर लिया है। एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि लापता छात्रों को ढूंढने के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थीं। दोनों छात्रों को दिल्ली के आनंद बिहार रेलवे स्टेशन के बाहर से सकुशल ढूंढ लिया गया है। छात्रों का पता लगाने के लिए नोएडा पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले थे। नोएडा पुलिस ने नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भेजे। पुलिस को आशंका थी कि पुलिस को देख दोनों बच्चे छिप सकते हैं।
एडीसीपी ने बताया कि एसीपी के नेतृत्व में 5 टीमें गठित की गई थीं। उन्होंने बताया कि यूटी टेस्ट में कक्षा-8 के छात्र अंकित चौरसिया तथा नैतिक ध्यानी के कम नंबर आए थे। परिजनों के भय से दोनों छात्र स्कूल के पीछे के गेट से निकल कर चले गए थे। बच्चों को ढूंढकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। गौतमबुद्घनगर की पुलिस कमिश्नर ने पूरी पुलिस टीम को 20 हजार रूपये नगद ईनाम देने के लिए कहा है।
पुलिस कमिश्नर ने बच्चों से की मुलाकात कर समझाया
नोएडा की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने अपने कार्यालय में दोनों छात्रों नैतिक ध्यानी व अंकित चौरसिया तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दोनों बच्चों को समझाया कि पढ़ाई में फेल होने पर डरना नहीं चाहिए, असफलता से हमें सीख कर सफलता का रास्ता तय करने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। सीपी ने बच्चों को ढंूढने वाले जोन-1 की पुलिस टीम को भी सराहा।
Noida News
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सभी अभिभावकों को संदेश देते हुए कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों के प्रति संवेदनशील बनें तथा उनके साथ किसी भी तरीके की शाब्दिक व शारीरिक कठोरता न करें। अभिभावकों का यह कदम बच्चों के लिए घातक साबित हो सकता है। नोएडा पुलिस द्वारा दोनों बच्चों की सकुशल बरामदगी पर उप्र युवा व्यापार मंडल ने गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, डिप्टी कमिश्नर शिव हरि मीणा व अन्य पुलिस अधिकारियों व पूरी टीम को बधाई दी है।
ग्रेटर नोएडा – नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश–दुनियाकीलेटेस्टखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएहमेंफेसबुकपरलाइककरेंयाट्विटरपरफॉलोकरें।