नोएडा में बदलेगा विकास का नक्शा! प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में होंगे 27 बड़े फैसले
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:32 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:32 PM
Noida News : नोएडा प्राधिकरण की 218वीं बोर्ड बैठक आज (बृहस्पतिवार) को आयोजित होगी जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना प्राधिकरण के चेयरमैन मनोज कुमार सिंह करेंगे। यह बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की जाएगी जिसमें कुल 27 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।
इन प्रमुख मुद्दों पर होगी खास चर्चा
बैठक में वित्त, ग्रुप हाउसिंग, वाणिज्यिक, संस्थागत और आवासीय योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से मंथन होगा। इसके अलावा जर्जर बहुमंजिला इमारतों के पुनर्विकास, भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क और सेक्टर-145 में आबादी भूखंड के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हैं।
ई-बसों को लेकर बड़ा फैसला
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 500 ई-बसों के संचालन को लेकर निजी कंपनियों से आए सुझावों पर भी इस बैठक में चर्चा की जाएगी। यह निर्णय सार्वजनिक परिवहन को स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है। बैठक में युनिफाइड पॉलिसी के तहत कैपिटल कॉस्ट की गणना में संशोधन का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। साथ ही, वाणिज्यिक भूखंडों के आवंटन और बिल्डर प्लॉट्स को लेकर वर्ष 2025-26 की नई योजना पर भी विचार किया जाएगा।
स्कूल-अस्पताल और विशेष भूखंड
बोर्ड बैठक में अस्पताल और स्कूल भूखंडों को साक्षात्कार के माध्यम से आवंटित करने का प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा। इसके अलावा, सेक्टर-164 में औद्योगिक भूखंडों को इलेक्ट्रॉनिक यूनिट्स के लिए आवंटित करने से जुड़े प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं। शहर की पुरानी बहुमंजिला आवासीय इमारतों के पुनर्विकास के लिए नई नीति का खाका पेश किया जाएगा। साथ ही, भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में भी बदलाव का प्रस्ताव है जहां अब संबंधित सेक्टर की वाणिज्यिक दर और आवासीय/औद्योगिक दर के अंतर का 10% की बजाय 50% एकमुश्त शुल्क लिया जाएगा।
नई प्रशासनिक इमारत और RFP संशोधन
इसके अतिरिक्त, सेक्टर-96 में प्रशासनिक भवन के निर्माण और ई-बसों के लिए आरएफपी डॉक्युमेंट में संशोधन को भी मंजूरी मिल सकती है। इस बैठक से न केवल नोएडा के विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी, बल्कि प्राधिकरण की आर्थिक सुदृढ़ता और शहरी प्रबंधन को भी नया आयाम मिलेगा। Noida News