अब नहीं फंसेगा नोएडा का ट्रैफिक, सुप्रीम कोर्ट के फैसले से खुलेंगे विकास के रास्ते
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 04:06 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 04:06 AM
Noida News : नोएडा शहर के वाहन चालकों के लिए राहत की बड़ी खबर है। सुप्रीम कोर्ट से नोएडा प्राधिकरण को बड़ी जीत मिलने के बाद अब सेक्टर-99 और 100 को सेक्टर-46 और 47 से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। अदालत के फैसले के बाद अब अवैध निर्माण हटाने का रास्ता साफ हो गया है जिससे लंबे समय से अटका यह प्रोजेक्ट आखिरकार जमीन पर उतरने को तैयार है।
क्या है मामला?
सेक्टर-99 और 100 को सेक्टर-46 व 47 से जोड़ने वाली यह सड़क वोडा महादेव मंदिर के पास से होकर गुजरेगी। इसका अधिकांश हिस्सा पहले ही तैयार हो चुका है, लेकिन करीब 200 मीटर की सड़क भूमि विवाद की वजह से अधूरी रह गई थी। इस हिस्से में खसरा संख्या 331 और 332 पर अवैध निर्माण कर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था। कब्जाधारियों ने इस जमीन को 'आबादी क्षेत्र' बताकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने यह जमीन नोएडा प्राधिकरण की घोषित करते हुए उसके पक्ष में फैसला सुना दिया।
यातायात को मिलेगा बड़ा फायदा
अब इस क्षेत्र में बनीं 10 से 12 दुकानें, कुछ पक्के निर्माण और करीब 50 से 70 झुग्गियों को हटाया जाएगा। कार्रवाई के लिए पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाए जाएंगे। प्राधिकरण के सिविल विभाग के उपमहाप्रबंधक विजय कुमार रावल के मुताबिक, निर्माण पूरा होते ही यह सड़क सीधे सेक्टर-46, 47, 99 और 100 को जोड़ देगी। इस नई सड़क से वाहन चालकों को सेक्टर-98 तक पहुंचने का सीधा रास्ता मिलेगा। अभी तक यहां का ट्रैफिक सेक्टर-100, 101 होते हुए हाजीपुर और सेक्टर-104 से होकर गुजरता है, जिससे सेक्टर-47, 100 और 101 के ट्रैफिक सिग्नल पर भारी जाम लगता है। नई कनेक्टिविटी से यह दबाव कम होगा और लोगों को समय की भी बचत होगी।
यह सड़क सिर्फ कनेक्टिविटी नहीं बल्कि शहर के ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा सुधार लेकर आएगी। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब यह परियोजना बिना किसी कानूनी बाधा के पूरी की जा सकेगी। Noida News