नोएडा प्राधिकरण में अब संविदा भर्ती का बड़ा घोटाला, मोटी रकम दो JE में तैनाती लो
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 11:40 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 11:40 AM
Noida News : लगता है कि भ्रष्टाचार तथा नोएडा प्राधिकरण का चोली-दामन का साथ है जो एक-दूसरे का साथ ही नहीं छोड़ रहे हैं। यादव सिंह तथा मोहिंदर सिंह के भ्रष्टाचार की स्याह अभी सूख भी नहीं पायी थी कि अब मोटी रकम लेकर संविदा पर जेई की भर्ती का घोटाला सामने आया है। आरोप है कि विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के चंद रिश्वतखोर अफसरों ने यहां पर तैनात कर्मचारियों के परिजनों की मोटी रकम लेकर संविदा पर नियुक्ति कर दी। यह सारा खेल उस उप महाप्रबंधक राजेश कुमार के कार्यकाल में हुआ जिसे हाल ही में शासन ने मूल विभाग भेजने के आदेश दिये थे तथा जो बाद में सस्पेंड भी कर दिया गया। मामले की शिकायत नोएडा के भाजपा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने सीईओ से की थी। अब नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डा. लोकेश एम ने जांच के आदेश दिये हैं।
मोटी रकम लेकर JE की तैनाती
बता दें कि इस प्रकरण की शिकायत नोएडा प्राधिकरण के कुछ कर्मचारियों की ओर से भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता के पास जून में की गई थी। जिसमें बड़े पैमाने पर नोएडा प्राधिकरण में तैनात अधिकारियों की ओर से मोटा पैसा लेकर संविदा जेई की तैनाती करने की बात कही थी। इस शिकायत के आधार पर महानगर अध्यक्ष की ओर से प्राधिकरण सीईओ को पत्र भी लिखा गया था। लेकिन जांच तब शुरू हुई जब ईएंडएम में तैनात उपमहाप्रबंधक राजेश कुमार का उनके मूल विभाग में तबादला कर दिया गया।
बिना क्वालिफिकेशन के हुई तैनाती
नोएडा प्राधिकरण के ईएंडएम-3 में तुषार देशवाल की तैनाती हुई है, जिसके पास क्वालीफिकेशन नहीं है। वर्तमान में ईएंडएम में तैनात जेई अजय देशवाल का भतीजा है, जिसको तैनाती देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया गया। पहले वर्क सर्किल-1 के माध्यम से संविदा तैनाती की फाइल भिजवाई गई, लेकिन सीईओ की आपत्ति के बाद उसे ईएंडएम में किसी अन्य कर्मचारी की जगह तैनाती दे दी गई। इस तैनाती में 50 लाख रुपये का सुविधा शुल्क लेने की बात सामने आयी है।
इंट्रीग्रेटेड सिक्योरिटी ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइएसटीएमएस) में रूप सैनी को मोटा पैसा लेकर भर्ती किया गया है। इसके पास जो डिग्री है, वह कंप्यूटर साइंस की है। ईएंडएम-2 में तरुण चौधरी को संविदा जेई की तैनाती दी गई है। जो वर्तमान में जल खंड में तैनात जेई मदनपाल चौधरी का बेटा है। ईएंडएम-1 में राय प्रताप सिंह को संविदा पर लगाया गया है, जो प्राधिकरण में तैनात जेई अनेक सिंह का रिश्तेदार है। पिछले दिनों सीईओ ने इस बावत बैठक की थी, जिसमें संविदा पर तैनात इन चारों जेई को हटाने से पहले प्रकरण की संपूर्ण जांच करने का आदेश दिया। Noida News