नोएडा एयरपोर्ट की नई पहल, उड़ान शुरू होते ही यात्रियों को मिलेगी स्मार्ट टैक्सी सेवा
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
16 Nov 2025 01:38 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
16 Nov 2025 01:38 PM
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तेजी से तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। इसी दिशा में एयरपोर्ट प्रबंधन ने गुरुवार को उबर के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इस करार के तहत, एयरपोर्ट से यात्रियों को लाने और ले जाने के लिए उबर ऐप-आधारित टैक्सी सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
उबर ऐप के माध्यम से कर सकेंगे टैक्सी बुक
इस सुविधा के जरिए यात्री उबर ऐप के माध्यम से टैक्सी बुक कर सकेंगे, जिसमें ऑनलाइन पेमेंट, रियल टाइम ट्रैकिंग, और आपात स्थिति में उपयोग के लिए एसओएस बटन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इससे यात्रियों को न केवल सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा, बल्कि उन्हें अंतिम मील की यात्रा में भी किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
कनेक्टिविटी को बनाएगी सुगम
यह सेवा नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम और यहां तक कि आईजीआई एयरपोर्ट तक भी कनेक्टिविटी को सुगम बनाएगी। इससे पहले दिसंबर में एयरपोर्ट प्रबंधन ने महिंद्रा लॉजिस्टिक्स के साथ ई-टैक्सी सेवाओं के लिए भी करार किया था। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा, "हमारा उद्देश्य यात्रियों की यात्रा को घर से लेकर गंतव्य तक पूरी तरह से आरामदायक और सुगम बनाना है। उबर जैसी विश्वसनीय ऐप-आधारित सेवाएँ अंतिम मील की यात्रा को सुरक्षित और आसान बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।"
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए भी एक नई दिशा
इसके साथ ही एयरपोर्ट प्रबंधन ने विभिन्न राज्यों के साथ बस कनेक्टिविटी के लिए भी समझौते किए हैं, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट से सीधे उन राज्यों तक सीधी बस सेवा उपलब्ध हो सकेगी। नोएडा एयरपोर्ट का यह कदम न केवल दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत है, बल्कि यह क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी एक नई दिशा देगा। Noida News