नोएडा में भूत का डर दिखाकर टप्पेबाजों ने मारा बड़ा हाथ, पुलिस ने धर दबोचा
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 12:06 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 12:06 PM
Noida News : नोएडा के एक घर में भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर महिलाओं को भयभीत कर निवारण के नाम पर गहने उतरवाकर रफू चक्कर होने वाले 5 टप्पेबाजों को थाना एक्सप्रेस वे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए टप्पेबाज चालाकी से फास्फोरस में पानी डालकर आग लगाकर महिलाओं को भयभीत करते थे। इनके पास से दो महिलाओं से उतरवाए गए गहने, फास्फोरस, पानी की बोतल व अन्य सामान बरामद हुआ है।
भूत का साया बताकर उतरवाए गहने
आपको बता दें कि इस मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी नोएडा राम बदन सिंह ने बताया कि 28 जुलाई के दोपहर को लोटस जिंक सोसायटी के पास तीन अज्ञात लोगों ने खुद को हनुमान भक्त बताकर रिंकी देवी के घर में भूत-प्रेत का साया बताया। कुछ देर मंत्र पढ़ने का नाटक कर एक व्यक्ति ने घास में पानी के छींटे मारें इसके बाद धुंआ और आग निकलने लगी। तीनों लोगों के चमत्कारी होने के भ्रम में महिला उनके झांसे में आ गई। तीनों युवकों ने महिला के घर से भूत-प्रेत का साया हटाने के लिए बहला फुसलाकर उसके गहने उतरवा लिए। इसके बाद उन्होंने पीपल का पत्ता तोड़कर उसे दिया और कुछ दूर डालकर आने के लिए कहा।
इस दौरान तीनों ने उसे चेतावनी दी कि यदि उसने पीछे मुड़कर देखा तो अनर्थ हो जाएगा। बताए गए स्थान पर पीपल के पत्ते डालने के बाद महिला जब वापस मुड़ी को तीनों वहां से नदारत थे। इसी तरह की एक और वारदात उसी दिन सनवर्ड अरिस्ता सोसायटी के पास प्रियंका गौतम के साथ घटित हुई। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सुनील कुमार व उनकी टीम ने सेक्टर 168 से मिथुन खान, अरबाज खान, माहिर खान, मिराज खान व विजय कुमार को गिरफ्तार किया। इनके पास से महिलाओं के साथ टप्पेबाजी कर उतरवाये गए गहने, फास्फोरस पानी की बोतल व अन्य सामान बरामद हुआ।
नोएडा के 5 टप्पेबाज गिरफ्तार
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह सुनसान स्थान पर अकेली महिला को देखकर उसे निशाना बनाते थे। दो ग्रुपों में बंटकर वह महिला का ध्यान भटकाते थे। इस दौरान वह चालाकी से घास में डाली गई फास्फोरस पर पानी के छींटे मारकर धुंआ व आग जला देते थे। इससे महिलाओं को उनके चमत्कारी होने का भरोसा हो जाता था और वह उनके बताए अनुसार गहने उतारकर उन्हें सौंप देती थीं। इसके बाद वह गहने लेकर रफू चक्कर हो जाते थे। पकड़े गए आरोपियों ने टप्पेबाजी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है। Noida News
ग्रेटर नोएडा– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।