नोएडा में फिर खुला उद्योगों का द्वार, प्राधिकरण ने शुरू की नई भूखंड योजना
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 05:35 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 05:35 PM
Noida News : औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और उद्यमियों को नई जमीन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण ने 12 औद्योगिक भूखंडों की नई योजना की घोषणा की है। नोएडा प्राधिकरण की इस नई योजना में इच्छुक आवेदक 4 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ये भूखंड सेक्टर 7, 8, 10, 80 और 162 में स्थित हैं और इनका आवंटन ई-नीलामी के जरिए किया जाएगा।
56 लाख से 16 करोड़ तक के भूखंड उपलब्ध
नोएडा प्राधिकरण द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक इस योजना में सबसे छोटा भूखंड 111.48 वर्ग मीटर (सेक्टर-8) का है, जिसकी रिजर्व प्राइस 56 लाख रुपये तय की गई है। वहीं सबसे बड़ा भूखंड सेक्टर-162 में स्थित है, जिसका क्षेत्रफल 7430 वर्ग मीटर और रिजर्व प्राइस 16 करोड़ रुपये है।
8000 वर्गमीटर से कम क्षेत्रफल वाले भूखंडों पर फोकस
प्राधिकरण ने इस योजना में ऐसे भूखंड शामिल किए हैं जो 8000 वर्ग मीटर से कम क्षेत्रफल के हैं ताकि छोटे और मध्यम स्तर के उद्योगों को भी बढ़ावा मिल सके। सभी भूखंड सड़क मार्ग से अच्छी तरह जुड़े सेक्टर्स में स्थित हैं, जिससे औद्योगिक इकाइयों को कनेक्टिविटी की सुविधा मिल सकेगी।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन
नोएडा अथॉरिटी के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार खत्री ने जानकारी दी कि काफी समय बाद औद्योगिक भूखंडों की योजना लाई गई है। पहले चरण में फेज-1 और फेज-2 क्षेत्रों का सर्वे कर खाली पड़ी सरकारी जमीन को चिन्हित किया गया। इसके बाद ये 12 भूखंड योजना में शामिल किए गए। ई-नीलामी प्रक्रिया के जरिए इन भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। इच्छुक आवेदक योजना से जुड़ी सभी जानकारियां और आवेदन प्रक्रिया नोएडा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट noidaauthorityonline.in पर देख सकते हैं।
EMD भी होगी जरूरी
प्रत्येक भूखंड के रिजर्व प्राइस के अनुसार अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) की राशि तय की गई है। योजना में भाग लेने के इच्छुक आवेदकों को संबंधित भूखंड के लिए निर्धारित EMD राशि जमा करनी होगी तभी वे ई-नीलामी में हिस्सा ले सकेंगे।