व्यवसायी के साथ लूटपाट, पुलिस ने चोरों को धर दबोचा
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 09:05 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 09:05 AM
Noida News : नोएडा के थाना दादरी पुलिस ने व्यवसायी के साथ हुई लूट की वारदात का कुछ ही घंटे में खुलासा करते हुए चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने व्यवसायी से लूटे गए 310000 रुपए भी बरामद कर लिए हैं। शेयर मार्केट में पैसा डूबने, बैंक, बाइक व मोबाइल फोन की किस्त जमा ना होने से परेशान युवक ने अपने भाई व साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
Noida News
पुलिस ने लिए सख्त एक्शन
एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि जीटी रोड दादरी निवासी रमेश गर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने भाई नंदकिशोर गर्ग के साथ स्कूटी से अपने घर आ रहे थे। घर के दरवाजे पर पहुंचते ही पीछे से आए दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके हाथ से रूपयों से भरा थैला लूट लिया और फरार हो गए। उन्होंने शोर मचाकर बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े। एडीसीपी ने बताया कि पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच पड़ताल की। लूट का खुलासा करने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने एनटीपीसी कट के पास से अमन सिंह पुत्र मुन्ना सिंह, रवि पुत्र मुन्ना सिंह, मुकुल भाटी पुत्र सत्यवीर, सुशील पुत्र सत्यवीर को गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरी वारदात
पूछताछ में रवि के भाई अमन ने बताया कि उसने 2024 में अपनी बहन की शादी करने के लिए मकान पर 10 लाख रुपए का लोन लिया था। इस लोन की 15000 रूपये मासिक किस्त जाती थी। इसके अलावा वह शेयर मार्केट में भी काम करता था। शेयर मार्केट में पिछले दिनों उसके लाखों रुपए डूब गए। इस कारण पिछले 2 महीने से उसके लोन, बाइक व मोबाइल फोन की किस्त नहीं जा रही थी। लोन वाले उसे परेशान कर रहे थे। इस कारण उसने अपने भाई व साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। 27 जून की शाम को उन्होंने देसी शराब के ठेके के पास एक व्यक्ति को अपने बैग से किसी को पैसे देते हुए देखा। बैग में और भी पैसे भरे हुए थे। पैसों को लूटने के लिए वह उनके पीछे लग गए। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचे तो अमन बैग छीनकर भाग गया। Noida News