नोएडा में दौड़ेंगी 500 नई ई-सिटी बसें, 675 करोड़ का प्रोजेक्ट शुरू
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 09:43 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 09:43 AM
Noida News : नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाले दिनों में सार्वजनिक परिवहन को नई उड़ान मिलने जा रही है। 675 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हो रहे ई-सिटी बस प्रोजेक्ट के तहत कुल 500 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिनमें से 300 नोएडा, 100 ग्रेटर नोएडा और 100 यीडा क्षेत्र में चलेंगी। इन ई-बसों की खास बात यह होगी कि ये नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक भी कनेक्टिविटी देंगी और जनपद के 25 प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी।
चार्जिंग-सर्विसिंग की होगी पुख्ता व्यवस्था
बसों के संचालन के लिए सेक्टर-82 और सेक्टर-90 में टर्मिनल बनाए जा रहे हैं, जहां बसों की चार्जिंग, सर्विसिंग, वॉशिंग और पार्किंग की समुचित व्यवस्था होगी। इन टर्मिनलों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का कार्य जल्द शुरू होने वाला है।
10 दिन में रिपोर्ट सौंपेगी DIMTS
नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए सात सलाहकार कंपनियों को पत्र भेजा था, जिनमें से दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टीमॉडल ट्रांजिट सिस्टम (DIMTS) ने सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। कंपनी ने सेक्टर-82 और 90 टर्मिनलों का जायजा लिया और 10 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपे जाने की संभावना है। इसके बाद सभी प्रस्तुतियों की समीक्षा कर एक सलाहकार कंपनी का चयन किया जाएगा, जो इस पूरी योजना को दिशा और रूपरेखा प्रदान करेगी। उसी के आधार पर निर्माण कार्य और अन्य व्यवस्थाओं के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।
दो कंपनियों को सौंपा गया संचालन का जिम्मा
बसों का संचालन GCC (Gross Cost Contract) मॉडल पर होगा, जिसके तहत दो ऑपरेटर कंपनियों का चयन किया गया है, ट्रैवल टाइम मोबिलिटी इंडिया प्रा. लि. 9 मीटर लंबी बसें चलाएगी, संचालन दर ₹54.90 प्रति किमी तय। डेलबस मोबिलिटी प्रा. लि. 12 मीटर लंबी बसें संचालित करेगी दर ₹67.99 प्रति किमी तय। इस ई-सिटी बस सेवा से ना केवल जनता को किफायती और प्रदूषणमुक्त यात्रा का विकल्प मिलेगा, बल्कि नोएडा एयरपोर्ट से शहर के अन्य हिस्सों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जाएगा।