नोएडा बना सड़क हादसों का शहर, बच्ची समेत दो की मौत
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 02:07 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 02:07 PM
Noida News : नोएडा शहर में यातायात के नियमों का पालन न करने के कारण सड़क हादसे नोएडा में तेजी से बढ़ रहे हैं। नोएडा व ग्रेटर नोएडा के सड़क हादसों में जहां एक बेटी ने अपने पिता को खो दिया वहीं स्कूटी पर जा रही मां-बेटी को एक तेज रफ्तार स्कूली बस ने कुचल दिया। जिसमें मासूम बच्ची की मौत हो गई जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। आइए जानते हैं पूरा मामला...
ट्रक चालक ने ली पिता की जान
थाना बिसरख में एक युवती ने ट्रक चालक के खिलाफ दुर्घटना कर मृत्यु करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। ट्रक चालक की लापरवाही से पीड़िता के पिता की दुर्घटना में जान चली गई थी। नीति खंड इंदिरापुरम जनपद गाजियाबाद में रहने वाली अल्पना ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपने बेटे के साथ पिता गजेंद्र तिवारी के साथ किराए के मकान में रह रही है। उसके पिता ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निराला वार्ड ट्रायो सेक्टर-2 में सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे।
मौके पर हुई मौत
21 जून को उसके पिता जल्दबाजी में घर से खाना नहीं लाए थे। 2 बजे के करीब वह खाना लेकर उनके कार्यस्थल पर पहुंची। करीब सवा दो बजे तेज गति में आ रहे एक ट्रक ने उनके पिता को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हुए उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ड्राइवर ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता के मुताबिक यह पूरी दुर्घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और ट्रक चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
स्कूली बस की टक्कर से बच्ची की मौत
थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में स्कूली बस की टक्कर से स्कूटी सवार मां बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे में (7 वर्षीय) बच्ची की मौत हो गई। सेक्टर-135 के डुप्लेक्स विला में रहने वाले नवीन कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 14 जुलाई की दोपहर को उनकी पत्नी आकांक्षा पुनिया स्कूल से (7 वर्षीय) बेटी आध्या पूनिया को लेकर घर आ रही थी। रास्ते में तेज गति में आ रही एक स्कूली बस के चालक ने स्कूटी में टक्कर मार दी जिससे उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घायल अवस्था में उन्हें सेक्टर-128 स्थित मैक्स अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उनकी बेटी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में भर्ती उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। पीडि़त के मुताबिक दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उबर चालक की गलती से कार डिवाइडर से टकराई
थाना सेक्टर-142 में उबर कंपनी के ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चला कर दुर्घटना करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीड़ित का आरोप है कि दुर्घटना के बाद ऊबर चालक उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से फरार हो गया। ग्रेटर नोएडा के ग्राम खानपुर निवासी विपिन कुमार ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 19 जून कि देर रात्रि को को वह अपने दोस्त आशुतोष वर्मा निवासी गाजियाबाद के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से ग्रेटर नोएडा आ रहा था। सुबह 5 बजे के करीब उनकी कार एडवांट टावर के पास पहुंची।
नींद के कारण खोया संतुलन
आशुतोष ने उबर कैब के चालक को नींद में देखकर उसे गाड़ी साइड करने को कहा। नींद में कैब का चालक संतुलन खो बैठा और उसने गाड़ी डिवाइडर से टकरा दी। दुर्घटना में आशुतोष बेहोश हो गया और उसे भी चोटे आई। रास्ते से गुजर रहे एक अनजान व्यक्ति ने दोनों को अपनी कार से सेक्टर-137 स्थित फेलिक्स अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार लेने तथा घायल आशुतोष को एडमिट कराने के बाद वह वापस घटना स्थल पर गया तो वहां ड्राइवर और गाड़ी दोनों ही नदारद मिले। विपिन कुमार के मुताबिक यह दुर्घटना उबर कैब चालक की लापरवाही के कारण हुई है। उन्होंने चालक और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।