नोएडा के इस बैंक में हो रही धोखाधड़ी की खेती! किसान के खाते से साफ किए लाखों रुपए
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 01:42 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 01:42 PM
Noida News : उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जनपद के रबूपुरा कस्बे में एक किसान के साथ बैंक धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। 35 लाख रुपये की यह रकम कथित रूप से इंडियन बैंक के कर्मचारियों की मिलीभगत से खाते से निकाल ली गई। जब किसान को इसकी भनक लगी तो उसे धमकाने तक की कोशिश की गई।अब यह मामला कोर्ट के आदेश पर पुलिस तक पहुंच चुका है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शादी के वक्त सामने आई धोखाधड़ी
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव नगला हुकम सिंह निवासी किसान सत्येंद्र सिंह का खाता रबूपुरा स्थित इंडियन बैंक शाखा में है। हाल ही में उनके बेटे की शादी थी। उन्होंने शादी के लिए आभूषण खरीदने के मकसद से विक्रेता को चेक दिया लेकिन चेक बाउंस हो गया। तब उन्हें पता चला कि खाते में पैसे ही नहीं हैं। जब जांच की गई तो सामने आया कि खाते से 35 लाख रुपये की बड़ी रकम निकाल ली गई है।
फर्जी फोटो और साइन से हुआ ट्रांसफर
पीड़ित के बेटे, एडवोकेट रोहित चौधरी ने बताया कि बैंक रिकॉर्ड में सत्येंद्र सिंह के फोटो और हस्ताक्षर बदलकर किसी सत्येंद्र राणा के नाम और फोटो दर्ज कर दिए गए। इसी आधार पर बिना अनुमति के खाते से पैसे निकालकर जेवर स्थित इंडियन बैंक शाखा में ट्रांसफर कर दिए गए। रोहित चौधरी के अनुसार, इस धोखाधड़ी में रबूपुरा इंडियन बैंक शाखा के मैनेजर राहुल, एचडीएफसी बैंककर्मी रवि और आरोपी सत्येंद्र राणा समेत अन्य बैंककर्मियों की सुनियोजित मिलीभगत थी। जब पीड़ित किसान ने बैंक में शिकायत की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। यहां तक कि झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
जब किसान को कोई मदद नहीं मिली तो उन्होंने न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर अब रबूपुरा थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में पुलिस अब बैंक कर्मचारियों की भूमिका, दस्तावेजों में की गई गड़बड़ी और पैसे के ट्रांसफर की प्रक्रिया की गहराई से जांच कर रही है। Noida News