नोएडा में रुमाल वाली ठगी करने वाले गिरोह से मुठभेड़, तमंचा-कागज की गड्डी के साथ पकड़े गए पांच
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 07:29 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 07:29 AM
Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा इन दिनों अपराध और उसके खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से रोजाना मुठभेड़ों की खबरें आ रही हैं, जो न केवल आम जनता को चौंका रही हैं बल्कि यह भी दिखा रही हैं कि पुलिस अब किसी भी अपराधी को खुला छोड़ने के मूड में नहीं है। हाल ही में नोएडा और ग्रेटर नोएडा से एक और ताजा मुठभेड़ का मामला सामने आया है जिसने एक बार फिर पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।
बदमाशों को मुठभेड़ के बाद किया गया गिरफ्तार
नोएडा में टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान थाना सेक्टर-39 पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जबकि चार बदमाश को पुलिस ने कांबिंग के दौरान दबोचा। इनके पास से तमंचा, कारतूस, रुमाल में बंधी कागज की गड्डी व पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश
नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि, पुलिस टीम एक्सप्रेसवे से सेक्टर 37 की तरफ मुड़ने वाले कट पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सेक्टर 37 की तरफ कार से आ रहे कुछ लोगों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार सवार दादरी रोड की तरफ भागने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने कार ग्रीन बेल्ट में मोड़ दी। हड़बड़ी में उनकी कार एक पेड़ से टकराकर बंद हो गई। इसके बाद कार से पांच युवक निकले और उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
चार साथी मौके से फरार
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। उसके चार साथी मौके से फरार हो गए। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए घायल बदमाश की पहचान विकास पुत्र जयप्रकाश निवासी भागलपुर हाल पता जे जे कॉलोनी बवाना दिल्ली के रूप में हुई। इसके पास से तमंचा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और उसके फरार साथियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कांबिंग के दौरान रंजन, मोहम्मद कुर्बान, पिंटू उर्फ संजय व अमन को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से रुमाल में बंधी कागज की गड्डी और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी लोगों टप्पे बाजी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
पुलिस की गोली ने किया लंगड़ा
थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पकड़े गए बदमाश पर विभिन्न थानों में 16 मुकदमे पंजीकृत हैं। एडीसीपी ने बताया कि बीती रात्रि पुलिस द्वारा चौगानपुर गोल चक्कर पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान बाइक पर आ रहे एक व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया लेकिन वह रुका नहीं और मोटरसाइकिल को मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने बाइक सवार का पीछा किया। इस पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल हो गया।
जुटाई जा रही जानकारी
पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम मोहित उर्फ लंगड़ा निवासी ग्राम रामगढ़ी थाना जहांगीराबाद जनपद बुलंदशहर बताया। वह हाल में कुलेसरा गांव में किराए पर रह रहा है। इसके पास से मोबाइल फोन, तमंचा कारतूस व चोरी की बाइक बरामद हुई है। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर नोएडा के विभिन्न थानों में 16 मुकदमे पंजीकृत हैं। इसके अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।