Gujrat News : गुजरात पुलिस ठग किरण पटेल को जम्मू-कश्मीर से अहमदाबाद लेकर आई
Gujrat News : Gujarat police brought thug Kiran Patel from Jammu and Kashmir to Ahmedabad
भारत
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 02:17 PM
भारत
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 02:17 PM
Gujrat News : खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक वरिष्ठ अधिकारी के रूप में पेश करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए ठग किरण पटेल को गुजरात पुलिस की एक टीम शनिवार को जम्मू-कश्मीर से अहमदाबाद ले आई। एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को श्रीनगर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पटेल को हिरासत में लेने का गुजरात पुलिस का अनुरोध स्वीकार कर लिया था, जिसके बाद उसे गुजरात पुलिस के हवाले कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि पटेल को श्रीनगर से सड़क मार्ग से शनिवार तड़के अपराध शाखा मुख्यालय लाया गया।
Gujrat News :
एक वरिष्ठ नागरिक का बंगला हड़पने की कोशिश करने के आरोप में पटेल के खिलाफ गुजरात के अलग-अलग थानों में चार प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। इनमें से एक प्राथमिकी अहमदाबाद अपराध शाखा ने दर्ज की है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिछले महीने पटेल को खुद को कथित तौर पर केंद्र सरकार में ‘अवर सचिव’ के रूप में पेश करने तथा सुरक्षा एवं अन्य आतिथ्य का मजा लेने के आरोप में श्रीनगर के एक पंचसितारा होटल से गिरफ्तार किया था। पटेल को जब तीन मार्च को चौकस सुरक्षा अधिकारियों ने पकड़ा, तब वह कश्मीर घाटी की तीसरी यात्रा पर था। पटेल ने दावा किया था कि सरकार ने उसे दक्षिण कश्मीर में सेब के बगीचों में खरीदारों की पहचान करने का जिम्मा सौंपा है।
बाद में अहमदाबाद पुलिस ने कथित रूप से एक वरिष्ठ नागरिक का बंगला हड़पने की कोशिश करने को लेकर 22 मार्च को किरण पटेल और उसकी पत्नी मालिनी पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।मालिनी को हाल ही में गिरफ्तार किया गया है। अहमदाबाद अपराध शाखा की एक टीम किरण पटेल को हिरासत में लेने के लिए कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर गई थी।