विज्ञापन
हादसे के तुरंत बाद बस के पिछले हिस्से में आग लग गई जिससे बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 8 लोगों की जान चली गई जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।

राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक प्राइवेट बस ट्रेलर से टकराने के बाद सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद बस के पिछले हिस्से में आग लग गई जिससे बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 8 लोगों की जान चली गई जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया के पास तड़के करीब 2:30 बजे हुआ। उस समय ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और कुछ ही देर में उसके पिछले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं।
यह भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 4 की मौत, 20 घायल
बताया जा रहा है कि, हादसे के वक्त अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक हुए जोरदार झटके से बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे कई यात्री नीचे गिर पड़े। किसी को समझने का मौका नहीं मिला कि आखिर हुआ क्या है। बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों के बीच फंस गए जबकि कुछ यात्री खुद ही किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।
हादसे के बाद बस के पिछले हिस्से में लगी आग तेजी से फैल गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई जबकि 2 अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। आग लगने के कारण राहत और बचाव कार्य भी मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई यात्रियों को बस से बाहर निकाला।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए बस के शीशे तोड़े और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। बाद में पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल भी मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद कई गंभीर घायलों को बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि बस चालक को झपकी आने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि दुर्घटना की असली वजह का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
इस हादसे में घायल होने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का इलाज कर रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने बस और ट्रेलर दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि बस की रफ्तार कितनी थी, चालक की स्थिति कैसी थी और सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे की जानकारी मिलते ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट ली। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का तुरंत और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी घायल को इलाज में परेशानी न हो।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस दर्दनाक हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है और ईश्वर सभी प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में हिम्मत दे।
विज्ञापन