विज्ञापन
Top Headlines Today : चेतना मंच के ब्लॉग पर सबसे तेज, सटीक और विश्वसनीय कवरेज। एनसीआर, देश और दुनिया की प्रमुख खबरें एक जगह।

Breaking Daily Updates: चेतना मंच के ब्लॉग पर आपका स्वागत है। हम आपके लिए लाए हैं, सबसे तेज, सटीक और विश्वसनीय कवरेज। दिल्ली-नोएडा-गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर, देश और दुनिया की प्रमुख खबरें एक जगह :
एनटीए को कैसे मिली नीट पेपर लीक की जानकारी?
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द हो गई है। एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यह कदम पेपर लीक होने के आरोपों के बाद उठाया। अब एनटीए के महानिदेशक (डीजी) अभिषेक सिंह ने बताया है कि नीट का पेपर लीक होने की जानकारी कैसे मिली।
सिंह ने कहा, "3 तारीख को जो परीक्षा हुई वो बहुत सुचारू रूप से हुई। परीक्षा खत्म हो गई और सारी शीट्स हमें प्राप्त हो गई। मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी थी। हमारी ये कोशिश थी कि हम परीक्षा के बाद भी मिली किसी सूचना को उतनी ही गंभीरता से लें जितना हम परीक्षा से पहले ले रहे थे... 7 मई की रात को हमें एक व्हिसलब्लोअर से सूचना मिली कि एग्जाम से पहले व्हाट्सएप पर एक पेपर मिला जिसमें कुछ सवाल थे जो परीक्षा के प्रश्न से मेल खा रहे थे।"
एनटीए डीजी ने कहा, "हमारा काम इन आरोपों की पुष्टि करना था, यह भी पता लगाना था कि क्या ये पीडीएफ 3 मई (परीक्षा के दिन) से पहले किसी के पास उपलब्ध थे। जांच करने पर पता चला कि कुछ सवाल हमारे प्रश्न पत्र से मेल खा रहे थे। यह भी पता चला कि 1 और 2 मई को, वह PDF कुछ लोगों के फोन पर उपलब्ध था।"
सिंह ने कहा, "ये हमारी 'ज़ीरो टॉलरेंस' नीति के खिलाफ था। इससे उन छात्रों के भविष्य पर बुरा असर पड़ेगा जो परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे... इसलिए, उनके हित को ध्यान में रखते हुए, हमने यह कड़ा फैसला लिया... हमने यह मामला CBI को सौंप दिया है। सभी आरोपियों को पकड़ा जाएगा और जेल भेजा जाएगा, ताकि छात्रों के भविष्य पर कोई बुरा असर न पड़े।"
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के लिए दोबारा पूरी तरह से निष्पक्ष तरीके से परीक्षा आयोजित की जाएगी। एनटीए डीजी ने कहा, "हमने यह भी फैसला किया है कि हम दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेंगे; साथ ही, पहली परीक्षा के लिए लिया गया शुल्क भी हम वापस कर देंगे..."
अजय लोधी की टिप्पणी पर अखिलेश का बयान
समाजवादी पार्टी के नेता अजेंद्र सिंह लोधी की एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए SP प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “राजनीति में इस्तेमाल की जाने वाली भाषा में गरिमा होनी चाहिए। हमने कभी किसी के भी खिलाफ ऐसी भाषा या व्यवहार के इस्तेमाल का समर्थन नहीं किया है। जहाँ तक प्रधानमंत्री की बात है, उनके खिलाफ ऐसी टिप्पणियां नहीं की जानी चाहिए। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि BJP नेताओं या मुख्यमंत्रियों ने किस तरह के बयान दिए हैं? क्या आपने उन रिकॉर्ड्स को देखा है कि BJP सांसदों और नेताओं ने राज्यसभा और लोकसभा में क्या कहा है?"
सपा प्रमुख ने कहा, "हम अपने सांसद या अजेंद्र लोधी द्वारा कही गई बातों का समर्थन नहीं करते हैं। अगर किसी ने भावनात्मक पीड़ा के चलते कुछ कहा और उस पल में अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया, तो वह भाषा निश्चित रूप से सही नहीं थी।”
राहुल गांधी ने साधा केंद्र पर निशाना
NEET 2026 की परीक्षा रद्द होने पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया। किसी पिता ने कर्ज़ लिया, किसी मां ने गहने बेचे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की, और बदले में मिला, पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार। यह सिर्फ़ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है। हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सज़ा भुगतते हैं। अब लाखों छात्र फिर से वही मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता झेलेंगे। अगर अपनी तकदीर परिश्रम से नहीं, पैसे और पहुंच से तय होगा, तो फिर शिक्षा का मतलब क्या रह जाएगा? प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया है।"
नीट परीक्षा रद्द होने पर केजरीवाल ने क्या कहा?
तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी-2026’ को पेपर लीक के आरोपों के बीच रद्द कर दिया गया है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "यह पहली बार नहीं है जब NEET परीक्षा का पेपर लीक हुआ है। ऐसा चार बार हो चुका है। इसका सीधा सा मतलब है कि इसमें मिलीभगत और राजनीतिक संरक्षण शामिल है। इस देश में चल क्या रहा है? जो लोग ठीक से एक परीक्षा भी आयोजित नहीं करवा सकते, वे सरकार कैसे चलाएँगे? यह पूरी तरह से मिलीभगत का मामला है। मेरी संवेदनाएँ परीक्षार्थियों के साथ हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूँ कि यह सरकार सिर्फ़ 'आंदोलन' की भाषा समझती है, और केजरीवाल उनके साथ खड़े रहेंगे।"
असम : चार विधायकों ने मंत्रीपद की ली शपथ
हिमंत के साथ 4 विधायकों - रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नेओग - ने मंत्री पद की शपथ ली।
सरमा ने ली असम के सीएम पद की शपथ
हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा इलाके में वेटरनरी ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में सरमा को पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल और पवित्र मार्गेरिटा, BJP-शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, और BJP अध्यक्ष नितिन नबीन मौजूद थे। यह शपथ ग्रहण समारोह राज्य में लगातार तीसरी एनडीए सरकार के गठन का प्रतीक है।
सीएम विजय का बड़ा आदेश
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टेशनों के 500 मीटर के दायरे में स्थित 717 सरकारी TASMAC शराब खुदरा दुकानों को दो सप्ताह के भीतर बंद करने का आदेश दिया है।
सरमा लेंगे सीएम पद की शपथ
हिमंत बिस्वा सरमा 12 मई को दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के बड़े नेता और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। पीटीआई के मुताबिक मुख्यमंत्री के तौर पर सरमा के अलावा चार और विधायक — दो BJP से और एक-एक उसके सहयोगी दलों AGP और BPF से — शपथ लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शपथ ग्रहण में होंगे शामिल। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सर्बानंद सोनोवाल, शिवराज सिंह चौहान, ललन सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और चिराग पासवान, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री - दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गोवा के प्रमोद सावंत, राजस्थान के भजन लाल शर्मा, बिहार के सम्राट चौधरी, छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, ओडिशा के मोहन चरन माजी और मध्य प्रदेश के मोहन यादव भी गुवाहाटी के पहुंचे हैं।
पूर्वोत्तर के राज्यों में त्रिपुरा, नगालैंड, मिज़ोरम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री समारोह में शामिल होंगे।
विज्ञापन