प्यार में पड़ी पत्नी बनी हत्यारिन, खून से लिखा इश्क का काला अध्याय
Bihar News
भारत
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 02:03 PM
भारत
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 02:03 PM
Bihar News : बिहार के औरंगाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके प्रेमी की तलाश जारी है। यह मामला औरंगाबाद के बंदेया थाना क्षेत्र के अमौना गांव का है। 21 जून को गांव में बिक्कू नामक युवक का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोट के निशान थे जिससे यह स्पष्ट हो गया कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू की और बिक्कू के परिजनों के बयान के आधार पर संदिग्धों की सूची तैयार की।
प्रेमी के साथ मिलकर रची थी साजिश
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक की पत्नी पर गया। उसे हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और पूरे हत्याकांड की साजिश को स्वीकार कर लिया। महिला ने बताया कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी पत्नी को 25 जून को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह फिलहाल पुलिस कस्टडी में है। पूछताछ के दौरान महिला ने हत्या के पीछे का पूरा सच उजागर कर दिया, हालांकि इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि हत्या को किस तरीके से अंजाम दिया गया।
प्रेम-प्रसंग बना मौत की वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला और उसके पति बिक्कू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी दौरान महिला का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। धीरे-धीरे यह रिश्ता इतना गहराया कि उसने अपने पति को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।
पुलिस कर रही गहन जांच
पुलिस अब इस हत्याकांड के दूसरे आरोपी यानी महिला के प्रेमी की तलाश कर रही है। अधिकारी ने कहा कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, इस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। Bihar News