Andhra Pradesh News : एप्पल की आपूर्तिकर्ता फॉक्सलिंक के संयंत्र में आग, उत्पादन ठप
Andhra Pradesh News : Fire at Apple supplier Foxlink's plant, production halted
भारत
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 07:21 AM
भारत
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 07:21 AM
Andhra Pradesh News : आंध्र प्रदेश के तिरुपति में केबल निर्माता कंपनी फॉक्सलिंक के एक संयंत्र में भीषण आग लगने से वहां उत्पादन ठप हो गया। फॉक्सलिंक वैश्विक गैजेट निर्माता कंपनी एप्पल को केबल की आपूर्ति करती है। पुलिस के मुताबिक, आग सोमवार को दोपहर 1.15 बजे के आसपास लगी और घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिन्कलामिट्टा गांव में स्थित संयंत्र में आग लगने के समय लगभग 750 लोग काम कर रहे थे और वे सभी समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।अधिकारी के मुताबिक, संयंत्र में स्पंज सहित अन्य सामग्री रखी थी, जिसके कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं और पूरे संयंत्र को अपनी जद में ले लिया। उन्होंने कहा कि आग लगने की वजहों का पता लगाया जा रहा है।
रेनिगुंटा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ए रामचंद्र ने बताया कि दमकल वाहनों के समय पर मौके पर पहुंचने से आग एक शेड तक ही सीमित रही और अन्य दो शेड तक नहीं फैली, जिसमें भोजन कक्ष और रसोई घर था। उन्होंने कहा, “तीनों शेड में से सबसे बड़ा शेड जल कर खाक हो गया, जबकि दो अन्य शेड सुरक्षित थे। सबसे बड़ा शेड वह है, जहां सारा उत्पादन होता है।”