देशभर में दौड़ेगी रफ्तार की लहर, गडकरी की एक्सप्रेस योजना ने पकड़ी रफ्तार
Nitin Gadkari
भारत
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 08:15 PM
भारत
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 08:15 PM
Nitin Gadkari : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने एक इंटरव्यू में कहा कि, आने वाले दो वर्षों में भारत का सड़क नेटवर्क अमेरिका जैसा बन जाएगा। नीतिन गडकरी ने कहा कि, भारत के बुनियादी ढांचे को देखकर अमेरिकी विशेषज्ञ भी हैरान रह गए और यहां तक कह दिया कि “भारत की सड़कें अब अमेरिका से बेहतर हैं।” नीतिन गडकरी ने बताया, सरकार ने बीते दशक में सड़कों और राजमार्गों पर ऐतिहासिक निवेश किया है जिसका असर अब दिखने लगा है।
पूरी तरह बदल जाएगा हाइवे नेटवर्क
दिल्ली से श्रीनगर आठ घंटे, दिल्ली से जयपुर सिर्फ दो घंटे और चेन्नई से बेंगलुरु का सफर मात्र दो घंटे में तय होगा। उन्होंने कहा कि देश में करीब 25 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं जिससे हाईवे नेटवर्क पूरी तरह से बदल जाएगा। दिल्ली से देहरादून, अमृतसर, जयपुर और कटरा जैसी जगहों तक अब बेहद कम समय में पहुंचा जा सकेगा। इसके साथ ही दिल्ली में ट्रैफिक और प्रदूषण की समस्या से राहत दिलाने के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये की लागत से विशेष सड़कें बनाई जा रही हैं।
भीड़भाड़ में आई कमी
गडकरी ने बताया कि हाईवे निर्माण से देश में लॉजिस्टिक कॉस्ट में भी भारी गिरावट आई है जो पहले 16 फीसदी थी वह अब घटकर 9 फीसदी तक आ गई है। इससे निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि अब हमारी सड़कें और बंदरगाह आधुनिक हो चुकी हैं और भीड़भाड़ में कमी आई है।
1 लाख करोड़ की लागत से बन रही हाइवे
सरकार 25 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, 3,000 किलोमीटर बंदरगाह संपर्क सड़कें और धार्मिक पर्यटन स्थलों को जोड़ने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की लागत से हाईवे बना रही है। जम्मू-कश्मीर में भी 36 सुरंगें बनाई जा रही हैं, जिनमें से 23 बन चुकी हैं। साथ ही 15 रोपवे और 35 मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क्स पर भी काम जारी है।
शुरू होने वाली है पूरी पिक्चर
आज भारत का सड़क नेटवर्क दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा नेटवर्क बन चुका है। 2014 में जो नेशनल हाईवे 91,000 किलोमीटर के करीब थे वो अब 1.46 लाख किलोमीटर पार कर चुके हैं। चार लेन या उससे ज्यादा चौड़ी सड़कें भी 2.6 गुना बढ़ चुकी हैं। हाई-स्पीड कॉरिडोर की लंबाई भी 2014 के 93 किमी से बढ़कर 2024 में 2,138 किमी तक पहुंच चुकी है। गडकरी के मुताबिक, अब फिल्म का ट्रेलर नहीं पूरी पिक्चर शुरू होने वाली है और इस पिक्चर में देश का चेहरा तेज रफ्तार सड़कों के जरिए पूरी तरह बदलने वाला है।