जेवर एयरपोर्ट की अधिग्रहित भूमि पर अवैध निर्माण, 90 लोगों पर मुकदमा
जेवर
चेतना मंच
18 Nov 2025 02:00 PM
जेवर
चेतना मंच
18 Nov 2025 02:00 PM
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, जेवर के विस्तार के लिए अधिग्रहित जमीन पर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। थाना रबूपुरा में 90 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई के बाद अधिग्रहित भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है। Jewar News
क्षेत्रीय लेखपाल पवन दुबे ने रिपोर्ट में बताया कि जेवर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना स्टेज 2, फेस 1 के लिए ग्राम रंहेरा, कुरेब, करौली बांगरपुर, दयानतपुर, बीरमपुर और मूढ़रह की कुल 1181.2793 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई थी। इसके लिए शासनादेश और अधिसूचना भी जारी की गई थी।
अधिग्रहित भूमि पर लगातार कर रहे थे अवैध निर्माण
इसके बावजूद ग्राम करौली बांगर में कन्हैया, सिद्धार्थ, शिवकुमार, पप्पू, सुशील, अमरपाल, बिंद्रा, ज्योति स्वरूप, रविंद्र, प्रवीण, राजू, शहजाद, इंद्रलाल, सूरजमुखी, पिंटू, हरकिशन, भीम, तेज सिंह, द्रोपा, अजय शंकर, विनोद, महेश, महेंद्र, किरण देवी, वेद प्रकाश, शिव कुमार, बिजेंदर, लोकेश, अमित सहित करीब 90 लोग अधिग्रहित भूमि पर लगातार अवैध निर्माण कर रहे थे।
जिला प्रशासन ने कई बार इन्हें निर्माण कार्य रोकने के नोटिस दिए लेकिन अवैध निर्माण जारी रहा। लेखपाल ने बताया कि इन नवनिर्माण कार्यों से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है, बल्कि प्रशासन की छवि भी धूमिल हो रही है। लेखपाल की शिकायत पर थाना रबूपुरा पुलिस ने 90 लोगों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। Jewar Airport