पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने अफगानिस्तान की सीमा पर आठ आतंकी मार गिराए
Pakistan News
भारत
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 10:44 AM
भारत
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 10:44 AM
Pakistan News : पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने मुल्क के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में मंगलवार को अफगानिस्तान के कुनार प्रांत से घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे आठ आतंकवादियों को मार गिराया। इनका संबंध फितना अल-खवारिज संगठन से बताया गया है। डॉन अखबार की खबर के अनुसार, सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों को पहले ललकारा। उनपर इसका असर न पड़ने पर सुरक्षाबलों ने लोवी मामुंड तहसील के पास आठों को ढेर कर दिया। लोवी मामुंड तहसील पहाड़ी और आदिवासी इलाका है। सुरक्षाबलों ने यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की।
सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। स्थानीय निवासियों ने इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच झड़पों की पुष्टि की है। ग्रामीणों के अनुसार, सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच कई घंटों तक चली झड़पों में एक बच्चा घायल हो गया। उसकी पहचान अब्दुर रऊफ के बेटे मुहम्मद खान के रूप में हुई है। उसे पहले लारखोलोजो अस्पताल ले जाया गया और बाद में जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि आतंकवादियों ने दो जुलाई को बाजोर जिले के खार तहसील के सादिकाबाद इलाके में एक सरकारी वाहन को बम से उड़ा दिया था। इसमें नवागई के सहायक आयुक्त फैसल इस्माइल और तहसीलदार अब्दुल वकील खान सहित पांच लोग मारे गए थे और चार पुलिसकर्मियों सहित 17 अन्य घायल हो गए थे। Pakistan News