कव्वाली के सुरों पर आतंक की गोलियां, उस्ताद समेत 3 को छलनी कर गया आतंकी
Pakistan News
भारत
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 01:08 PM
भारत
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 01:08 PM
Pakistan News : पाकिस्तान में बलूचिस्तान प्रांत के कलात के बाहरी इलाके में यात्री बस पर हुए आतंकी हमले में कराची के दो कव्वालों सहित तीन लोगों की जान चली गई और 13 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मारे गए लोगों में मशहूर कव्वाल अहमद हुसैन साबरी और उनके बेटे अहमद रजा साबरी शामिल हैं। यह लोग अन्य संगीतकारों के साथ क्वेटा जा रहे थे।
कव्वाल माजिद अली साबरी ने क्या कहा?
डान समाचार पत्र के अनुसार, कराची के मशहूर कव्वाल माजिद अली साबरी ने फोन पर बताया, "सशस्त्र हमले में मेरे भाई, भतीजे और एक संगीतकार की मौत हो गई।" उन्होंने बताया कि यह लोग एक शादी समारोह में प्रस्तुति देने के लिए क्वेटा जा रहे थे। कव्वालों की बुकिंग कराने वाले इम्तियाज लहरी के अनुसार, कव्वाल माजिद साबरी को गुरुवार को अपनी पत्नी के साथ हवाई जहाज से क्वेटा आना था। उनके लिए होटल में कमरा बुक कराया गया था।
बस को रोककर कर दी अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हथियारबंद आतंकवादी नेमारघ इलाके में क्वेटा-कराची राजमार्ग के दोनों ओर घात लगाए बैठे थे। उन्होंने हमले में स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल किया। एक अधिकारी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा, "आतंकियों ने पहले बस को रोका और फिर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।"
तीन की मौके पर मौत
कलात के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शहजाद अकबर ने बस में गोलीबारी की पुष्टि की और कहा कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। घायलों की पहचान हैदर, इमरान, मंजर, अब्बास, मोहम्मद साकिब, फैसल, मोहम्मद नदीम, मोहम्मद रिजवान, मुसाविर अब्बास, मोहम्मद वारिस, फैजान, दिलशाद (सभी कराची निवासी), नजीब अहमद (चालक) और बिलाल अहमद के रूप में हुई है। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों के सिर और शरीर के ऊपरी हिस्से में लगी हैं। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को क्वेटा भेजा जा रहा है।
मेजर सैयद रब नवाज तारिक की मौत
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने एक्स पर कहा, "निर्दोष और असहाय नागरिकों को निशाना बनाना अक्षम्य अपराध है। यह पाकिस्तान की एकता, संप्रभुता और शांति पर सीधा हमला है।" इस बीच इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा कि इस घटना से कुछ समय पहले सुरक्षा बलों ने अवारन में तीन आतंकवादियों को मार गिराया। इस मुठभेड़ में मेजर सैयद रब नवाज तारिक की मौत हो गई।