सीरिया-इजराइल में बंदूकों को विराम, अमेरिकी दूत ने किया युद्धविराम का ऐलान
International News
भारत
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 10:12 AM
भारत
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 10:12 AM
International News : तुर्किये में अमेरिकी राजदूत टॉम बैरक ने शुक्रवार को कहा कि सीरिया और इजराइल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस समझौते को तुर्किये, जॉर्डन और अन्य पड़ोसी देशों ने स्वीकार कर लिया है। बैरक सीरिया में अमेरिका के विशेष दूत भी हैं। उन्होंने एक्स पोस्ट पर यह जानकारी साझा की।
एकजुट होकर करें सीरियाई पहचान का निर्माण
सीएनएन चैनल की खबर के अनुसार, बैरक ने ड्रूज, बेडौइन और सुन्नियों से हथियार डालने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि, यह लोग अन्य अल्पसंख्यकों के साथ मिलकर अपने पड़ोसियों के साथ शांति और समृद्धि में एकजुट होकर सीरियाई पहचान का निर्माण करें। उधर, सीरिया में अमेरिका के विशेष दूत बैरक की घोषणा पर अभी किसी भी पक्ष ने कोई टिप्पणी नहीं की।
हमलों में निशाना बनी कई सरकारी इमारतें
उल्लेखनीय है कि बुधवार को इजराइल ने सीरिया पर हवाई हमले किए थे। इजराइल ने कहा था कि वह अरब धार्मिक अल्पसंख्यक ड्रूज की रक्षा करेगा। सीरिया में तानाशाह बशर अल-असद के पतन के बाद से सरकार समर्थक बलों और ड्रूज के बीच संघर्ष में कई लोग मारे गए हैं। दमिश्क पर इजराइल के हवाई हमलों में कई सरकारी इमारतें निशाना बनीं। कम से कम तीन लोग मारे गए। एक सीरियाई टेलीविजन चैनल के एक वीडियो में रक्षा मंत्रालय की इमारत पर लाइव प्रसारण में हमला दिखाया गया। इस दौरान एंकर को छुपना पड़ा।
युद्धविराम की भी घोषणा की
सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने बुधवार रात स्थानीय समयानुसार कहा कि सीरियाई सेना सुवेदा से पीछे हट रही है। इसके बाद अल-शरा की सरकार ने ड्रूज गुटों के साथ नए युद्धविराम की भी घोषणा की। वहीं, अमेरिका ने बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त करते हुए संघर्ष को सुलझाने के लिए कूटनीतिक प्रयास शुरू किए। तुर्किये के विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, अमेरिकी विदेशमंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को इस मामले पर चर्चा के लिए तुर्किये के विदेशमंत्री हाकन फिदान से फोन पर बात की। रुबियो ने बुधवार रात कहा था कि संघर्ष से जुड़े सभी पक्ष स्थिति को सुलझाने के लिए सहमत हुए हैं।