वेस्टर्न टॉयलेट इस्तेमाल करने वाले हो जाएं सावधान, ग्रेटर नोएडा में फ्लश करते ही हुए बड़ा धमाका
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:38 AM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:38 AM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा से एक चौंकाने वाली और चिंताजनक घटना सामने आई है जहां एक घर के टॉयलेट में हुए धमाके से 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रेटर नोएडा की ये पूरी घटना चर्चा का विषय बन गई है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित की पहचान आशु के रूप में हुई है जो 12वीं कक्षा का छात्र है। बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को आशु अपने घर के वेस्टर्न टॉयलेट का उपयोग कर रहा था। जैसे ही उसने फ्लश किया अचानक जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई जिससे उसके चेहरे, हाथों और पैरों पर गंभीर जलन हो गई। परिजनों के अनुसार, यह विस्फोट सीवर लाइन में मीथेन गैस के अत्यधिक दबाव और जमाव के कारण हुआ।
नहीं किया गया किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग
आशु के पिता सुनील प्रधान ने बताया कि घटना के समय उनका बेटा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग नहीं कर रहा था और यह धमाका पूरी तरह से अप्रत्याशित और भयावह था। इस हादसे में आशु को करीब 35 से 40 प्रतिशत तक गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GIMS) में चल रहा है।
मौके पर पहुंचे प्राधिकरण के अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के लिए 10 दिनों का समय मांगा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले क्षेत्र में मीथेन गैस के निकास के लिए जो वेंट पाइप लगाए गए थे वे अब काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सीवर लाइन की तत्काल मरम्मत करवाई जाए और वेंट पाइपों की दोबारा स्थापना की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के खतरनाक हादसों से बचा जा सके। Greater Noida News