नोएडा एयरपोर्ट जोन में सख्त हिदायत, बिना NOC एक पेड़ भी नहीं लगा सकेंगे
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 01:43 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 01:43 PM
Greater Noida News : अगर आप नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) के आसपास कोई इमारत खड़ी करने या विकास कार्य शुरू करने की सोच रहे हैं, तो पहले भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना अनिवार्य होगा। यह नियम एयरपोर्ट से 20 किलोमीटर की परिधि में लागू किया गया है, ताकि उड़ानों की सुरक्षा और संचालन में कोई बाधा न आए। यह फैसला हाल ही में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें एयरपोर्ट से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
बिना NOC न इमारत ना ही पेड़
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर किरण जैन ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास की जमीन पर ऊंचाई पर कड़ा नियंत्रण रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि, 20 किमी के दायरे में बिना AAI की मंजूरी के कोई भी निर्माण कार्य, ढांचा खड़ा करना या पेड़ लगाना प्रतिबंधित है। यह प्रतिबंध उड़ान संचालन और नेविगेशन सिस्टम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगाया गया है।
जाने NOC की प्रक्रिया
निर्माण की योजना बनाने वाले डेवलपर्स, भू-स्वामी या स्थानीय निवासी पहले स्थानीय निकायों से संपर्क करेंगे। उसके बाद स्थानीय निकाय AAI के कलर-कोडेड जोनिंग मैप के अनुसार यह तय करेंगे कि प्रस्तावित निर्माण अनुमेय ऊंचाई सीमा के भीतर है या नहीं। यदि आवश्यकता पड़ी तो, आवेदक को AAI के NOCAAS पोर्टल पर जाकर ऊंचाई की एनओसी के लिए आवेदन करना होगा।
एयरपोर्ट क्षेत्र में ऊंचाई सीमा का उल्लंघन करना कोई साधारण मामला नहीं है। इससे विमान संचालन और नेविगेशन सिस्टम को गंभीर खतरा हो सकता है। ऐसे में विमान नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई, अनधिकृत ढांचे को गिराना, और दंड का प्रावधान है। सीओओ किरण जैन ने बिल्डरों, भूस्वामियों और निवासियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की अनधिकृत गतिविधि से बचें और नियमानुसार समय रहते एनओसी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के सुरक्षित, कुशल और निर्बाध संचालन के लिए यह प्रक्रिया बेहद जरूरी है।
बिना NOC के एक ईंट भी नहीं
नोएडा एयरपोर्ट की उड़ानों को सुरक्षित और तकनीकी रूप से दक्ष बनाए रखने के लिए सरकार अब नियमों को और सख्ती से लागू कर रही है। अगर आप एयरपोर्ट के पास कोई प्रोजेक्ट प्लान कर रहे हैं तो एनओसी के बिना एक ईंट भी नहीं रखी जा सकेगी। Greater Noida News