बदमाशों पर ग्रेटर नोएडा पुलिस का कहर, 2 मुठभेड़ में 3 गिरफ्तार
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:02 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 03:02 PM
Greater Noida News : नए साल में गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस बदमाशों पर कहर बनकर टूट रही है। बीती रात ग्रेटर नोएडा के दो थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से तीनों बदमाश घायल हो गए। बदमाशों के पास से तमंचा, कारतूस, बाइक बरामद हुई है।
पुलिस पर फायरिंग करके भागने लगे चोर
ग्रेटर नोएडा जोन के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि, थाना दनकौर पुलिस द्वारा सलारपुर अंडरपास के पास चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने बाइक पर आ रहे एक व्यक्ति को रुकने का इशारा किया। बाइक सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर फायर किया और भागने लगा। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार को गोली लगी और घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम मोहित उर्फ भीमा पुत्र सोमवीर निवासी ग्राम पारोली जनपद बुलंदशहर बताया।
इसके पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई। पकड़े गए मोहित उर्फ भीमा ने बताया कि उसने 28 दिसंबर को एक व्यक्ति के घर का ताला तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान उसने गृह स्वामी के साथ मारपीट भी की थी। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में इसके खिलाफ विभिन्न थानों में 16 मुकदमे पंजीकृत होने की जानकारी मिली है।
पैर में गोली लगने से घायल
सेंट्रल जोन के एडीसीपी हृदेश कठेरिया ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस ए वी जे हाइट्स सोसायटी के सामने चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक पर आ रहे दो युवकों को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार फायरिंग कर भाग निकले। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़े। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम पंकज बैसला उर्फ बादशाह व फरमान पुत्र फिरोज निवासी खन्ना नगर लोनी गाजियाबाद बताया। इनके पास से एक-एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे थे । पकड़े गए पंकज बैसला पर 6 तथा फरमान पर तीन मुकदमे पंजीकृत हैं। Greater Noida News