आज खुलेगी किस्मत की तिजोरी, तय होगा 54 हजार लोगों का भविष्य
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 01:24 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 01:24 PM
Greater Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास घर या निवेश का सपना देख रहे हजारों लोगों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की बहुप्रतीक्षित आवासीय भूखंड योजना का लकी ड्रॉ आज 11 जुलाई 2025 को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जा रहा है। इस लॉटरी प्रक्रिया में 276 भूखंडों के लिए कुल 54,289 लोगों ने आवेदन किया है।
कड़ी निगरानी में होगी ड्रॉ प्रक्रिया
पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए पूरी लॉटरी प्रक्रिया रिटायर्ड जजों की निगरानी में होगी। इसके अलावा पूरे आयोजन की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई जाएगी और इसका लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है ताकि हर आवेदक घर बैठे प्रक्रिया को देख सके।
YEIDA योजना की खास बातें
यह योजना 21 अप्रैल 2025 को लॉन्च की गई थी। इसमें कुल 276 प्लॉट शामिल हैं जिनमें 214 भूखंड सामान्य श्रेणी के लिए, 48 किसान कोटे के तहत 14 भूखंड सक्रिय औद्योगिक श्रेणी के लिए आरक्षित रखे गए हैं। भूखंडों का साइज 200 वर्गमीटर रखा गया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन थी, जिससे देशभर से इच्छुक लोग इसमें भाग ले सके।
54 हजार से ज्यादा लोगों की नजरें रिजल्ट पर
इस योजना में आवेदन करने वालों की संख्या 54,289 रही, जिनमें से 66 आवेदनों को दस्तावेजी खामियों और नियम उल्लंघन के चलते निरस्त कर दिया गया। अब कुल 54,223 वैध आवेदकों की अंतिम सूची YEIDA की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आवास और निवेश का सुनहरा मौका
नोएडा एयरपोर्ट से सटे इस क्षेत्र को भविष्य की हाउसिंग और निवेश की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। YEIDA की यह योजना ऐसे लोगों के लिए सुनहरा अवसर है, जो रणनीतिक और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में अपनी जगह बनाना चाहते हैं। लकी ड्रॉ के जरिए आज जिन लोगों का नाम आएगा, उन्हें नियमानुसार प्लॉट आवंटित कर दिए जाएंगे। यह न केवल एक प्लॉट जीतने का मौका है, बल्कि एक बेहतर भविष्य की जमीन पर पहला कदम रखने जैसा भी है।