जेवर एयरपोर्ट के पास का नजारा होगा खास, स्थापित हो रहा है बहुत कुछ
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 12:41 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 12:41 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के पास विकसित हो रहे जेवर एयरपोर्ट का नजारा बेहद खास होने वाला है। जेवर एयरपोर्ट के पास एशिया की सबसे बड़ी फिल्म सिटी के साथ ही दुनिया भर को दवाई सप्लाई करने वाली कंपनियों तथा मेडिकल से जुड़े हुए अनेक प्रकार के उपकरण बनाए जाएंगे। इसी प्रकार जेवर एयरपोर्ट के आसपास और भी बहुत कुछ विकसित किया जा रहा है। जेवर एयरपोर्ट से अप्रैल 2025 में आम जनता के लिए उड़ान शुरू हो जाएगी। आइए जानते हैं जेवर एयरपोर्ट के पास विकसित होने वाले खास उद्योग केंद्र के बारे में। जेवर एयरपोर्ट के पास किस उद्योग केंद्र का विकास केंद्र सरकार के सहयोग से हो रहा है।
अनोखा उधोग केन्द्र स्थापित हो रहा है जेवर एयरपोर्ट के पास
जेवर एयरपोर्ट के पास विकसित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को ढांचागत विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली अनुदान राशि की अगली किश्त तीस करोड़ रुपए मिलने का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को मिनिस्ट्री ऑफ फार्मा के निदेशक सहित दो अधिकारियों ने जेवर एयरपोर्ट के पास स्थलीय निरीक्षण व विकास कार्यों का जायजा लेने के बाद मेडिकल डिवाइस पार्क की वर्तमान स्थिति पर संतुष्टि जताई। भारत सरकार के औषध मंत्रालय (मिनिस्ट्री ऑफ फार्मा) के निदेशक हितेंद्र साहू तथा टेक्निकल एसोसिएट आमिर खान आज सुबह यीडा पहुंचे और अधिकारियों के साथ मेडिकल डिवाइस पार्क को विकसित करने के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। यीडा अधिकारियों ने उन्हें एक प्रेजेंटेशन देकर वहां चल रहे विकास कार्यों की वस्तु स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जेवर एयरपोर्ट के पास मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण भी किया। मेडिकल डिवाइस पार्क की प्रगति से दोनों अधिकारी संतुष्ट थे।
जर्ममी से लेकर अमेरिका तक की कंपनियां शामिल
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने बताया कि, जेवर एयरपोर्ट के पास सेक्टर 28 में 350 एकड़ भूमि पर विकसित किए जा रहे मेडिकल डिवाइसेज मैन्युफैक्चरिंग पार्क में स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित औद्योगिक इकाइयों को स्थापित किया जाएगा। अब तक विभिन्न प्रकार की मेडिकल डिवाइस बनाने वाली 73 कंपनियों को भूमि आवंटित की जा चुकी है। इनमें एक जर्मनी की और अमेरिका की दो कंपनियां शामिल हैं। विश्वस्तरीय मेडिकल डिवाइस बनाने वाले जापान के मेडिकल एक्सीलेंस जापान (एमईजे) संगठन द्वारा कल गुरुवार को यीडा का दौरा किया गया था जिसने आने वाले दिनों में यहां अपनी कुछ यूनिट लगाने के लिए गहरी रुचि प्रकट की है। गौरतलब है कि मेडिकल डिवाइस पार्क में औद्योगिक इकाई लगाने के लिए यीडा द्वारा आधी दरों ₹7360/- प्रति वर्गमीटर की दर पर भूमि आवंटित की जाती है।
केंद्र सरकार द्वारा दिया जा रहा अनुदान
जेवर एयरपोर्ट के पास डिवाइसेज मैन्युफैक्चरिंग पार्क विकसित करने की योजना केंद्र सरकार की है। इसके लिए मध्यप्रदेश, हिमाचल सहित चार राज्यों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में उत्तर प्रदेश में यीडा को चुना गया था। विभिन्न प्रकार की मेडिकल डिवाइस व फार्मा से संबंधित उत्पादों की जांच के लिए यहीं पर सौ करोड़ रुपए की लागत से कॉमन साइंटिफिक फैसिलिटी (CSF) लैब स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शत-प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। पहली किश्त के रूप में तीस करोड़ रुपए पहले ही मिल चुके हैं। दूसरी किश्त जारी करने से पहले मिनिस्ट्री ऑफ फार्मा के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह दौरा किया था। Greater Noida News