एकमूर्ति से NH-9 तक सिग्नल फ्री सफर, एलिवेटेड रोड से फर्राटे से दौड़ेगी आपकी गाड़ी
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 04:32 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 04:32 PM
Greater Noida News : नोएडा एक्सटेंशन (ग्रेटर नोएडा वेस्ट) के लाखों निवासियों के लिए राहत की खबर है। एकमूर्ति चौक से लेकर NH-9 (पुराना NH-24) तक अब आपकी गाड़ी बिना रुकावट फर्राटे से दौड़ेगी। 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस एलिवेटेड रोड परियोजना को मंजूरी मिल गई है जिससे पूरे क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है।
NHAI द्वारा किया जाएगा तैयार
यह एलिवेटेड रोड शाहबेरी के पास एकमूर्ति चौक से शुरू होकर NH-9 तक बनेगी। इसकी लंबाई लगभग 3.1 किलोमीटर और चौड़ाई 16 मीटर होगी। रोड को 4 लेन का बनाया जाएगा, जिसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा तैयार किया जाएगा।
चार प्राधिकरण मिलकर उठाएंगे लागत
इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की कुल लागत ₹400 करोड़ है, जिसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और यमुना विकास प्राधिकरण मिलकर वहन करेंगे। हर प्राधिकरण का हिस्सा 25% होगा। परियोजना के क्रियान्वयन के लिए NHAI की भूमिका को तय कर लिया गया है, जिससे अब स्वीकृति और तकनीकी प्रक्रिया में तेजी आएगी।
क्यों जरूरी है यह प्रोजेक्ट?
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तेजी से बढ़ती आबादी और ट्रैफिक लोड ने क्षेत्र की मौजूदा सड़कों को पूरी तरह जाम कर रखा है। शाहबेरी, बिसरख, गौर सिटी, गोरखपुरम और आसपास के इलाकों में सुबह 8 से 11 बजे और शाम 5 से 9 बजे तक जाम आम बात हो गई है। यह एलिवेटेड रोड बनने के बाद ना सिर्फ सफर सिग्नल फ्री होगा, बल्कि समय, ईंधन और मानसिक तनाव में भी भारी कमी आएगी।
तकनीकी विशेषताएं
लंबाई: 3.1 किलोमीटर
चौड़ाई: 16 मीटर
लेन: 4
लागत: ₹400 करोड़
निर्माण एजेंसी: NHAI
वित्तीय भागीदारी: चारों विकास प्राधिकरण मिलकर
रियल एस्टेट और व्यापार को मिलेगा बूस्ट
विशेषज्ञों का मानना है कि, इस रोड से जुड़ने के बाद नोएडा वेस्ट के रियल एस्टेट में तेज उछाल आएगा। सेक्टर-1, 16, गौर चौक और शाहबेरी जैसे इलाकों में प्रॉपर्टी की मांग और दाम दोनों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। व्यापारियों के लिए भी NH-9 तक सीधी पहुंच का मतलब है तेज डिलीवरी, कम लॉजिस्टिक खर्च और बढ़ा मुनाफा।
क्या है लोगों की राय?
गौर सिटी 2 के स्थानीय निवासी का कहना है कि, “ऑफिस जाने के लिए रोज़ाना घंटों जाम में फंसना पड़ता है, पर अब उम्मीद है कि ये एलिवेटेड रोड हमारी जिंदगी को आसान बनाएगा। एनएच-9 से सीधा कनेक्शन हमारे लिए नए व्यापारिक अवसर खोलेगा। ये रोड हमारे कारोबार के लिए गेमचेंजर साबित होगी।”
कब से शुरू होगा निर्माण?
NHAI इस समय DPR और डिज़ाइन पर काम कर रहा है। उम्मीद की जा रही है कि 2025 की पहली तिमाही में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और दो साल के भीतर रोड चालू हो जाएगी। Greater Noida News