नोएडा एयरपोर्ट मुआवजा घोटाला: पते बदलकर करोड़ों की स्कीम में घुसे बाहरी खिलाड़ी
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 05:28 AM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 05:28 AM
Greater Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के तीसरे चरण में भूमि अधिग्रहण और विस्थापन को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। बाहरी लोगों ने विस्थापन का अनुचित लाभ लेने के लिए योजनाबद्ध तरीके से गांवों में अवैध मकान बनवा लिए और अपने आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों में पता बदलवा लिया। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस तरह के फर्जीवाड़े को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इन मामलों की हो रही अलग से जांच
प्रशासक अभय कुमार सिंह ने बताया कि सांख्यिकीय सर्वेक्षण के दौरान कई संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इन मामलों की अलग से जांच की जा रही है और ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में पुनर्वास योजना का लाभ नहीं मिलेगा। तीसरे चरण के विस्थापन के अंतर्गत जेवर के 14 गांवों की 1857 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इससे करीब 5,000 परिवार पूरी तरह भूमिहीन हो जाएंगे। गौरतलब है कि नीमका, ख्वाजपुर, किशोरपुर, बनवारीवास, रामनेर, जाफराबाद और थोरा जैसे गांवों में न सिर्फ घर, बल्कि सार्वजनिक संपत्तियां भी विस्थापित होंगी। इनमें 20 स्कूल, 3 स्वास्थ्य केंद्र, 36 मंदिर, 2 मस्जिद, 5 पंचायत घर और 4 खेल मैदान शामिल हैं।
फर्जी दावेदार को नहीं बनने दिया जाएगा हिस्सा
प्रशासन के अनुसार, इन गांवों के करीब 60% परिवारों की मासिक आय ₹1 लाख से कम है और उनका पुनर्वास मंगरौली के पास 339 हेक्टेयर में बसाई जा रही टाउनशिप में किया जाएगा। एयरपोर्ट के तीसरे चरण के पूरा होते ही यह परियोजना कुल 5,000 हेक्टेयर में फैल जाएगी, जिसमें 6 रनवे, 2 टर्मिनल, MRO और कार्गो हब जैसी सुविधाएं होंगी। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि केवल वास्तविक, स्थायी ग्रामीणों को ही विस्थापन का लाभ मिलेगा और किसी भी बाहरी या फर्जी दावेदार को इसका हिस्सा नहीं बनने दिया जाएगा। Greater Noida News