घर में घुसकर पड़ोसियों ने मचाया तांडव, लाठी डंडों से खूब पीटा
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 04:12 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 04:12 PM
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि ग्रेटर नोएडा के कचैडा वारसाबाद गांव में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने पड़ोसी के घर में घुसकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपियों ने जमकर तोड़फोड़ की और सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए तथा मोबाइल फोन तोड़ दिए। इस संबंध में दो महिलाओं सहित आठ लोगों के खिलाफ थाना बादलपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
क्या है पूरा मामला
ग्रेटर नोएडा के कचैडा वारसाबाद गांव निवासी रामकुमार ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले हरकिशन, बालकिशन, जय किशन, लविश, बंटी, निर्भय, धु्रव, उषा, गीता आदि लाठी डंडों व अवैध असलाह से लैस होकर जबरन उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में घुसते ही उनके बेटे रोहित, मोहित व उनकी मां राजबीरी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी डंडों से उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरा के तारों को काट दिया और रोहित के मोबाइल को तोड़ दिया। मारपीट की इस घटना में उनके बेटों को गंभीर चोटें आई और उनकी मां राजबीरी बेहोश होकर गिर गई।
Greater Noida News
झगड़ा होता देखकर आस पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद घायलों को ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया यहां गंभीर हालत को देखते हुए उनकी मां राजबीरी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।