जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया पौधों का बड़ा महत्व
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 12:32 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
17 Nov 2025 12:32 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा शहर की बगल में पौधारोपण करते हुए जेवर क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र सिंह ने पौधों का बड़ा महत्व बताया। नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा से लेकर लखनऊ तक चले पौधारोपण कार्यक्रम के तहत विधायक ने पौधारोपण अभियान में व्यापक हिस्सेदारी निभाई। इस दौरान ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि अगर पेड़-पौधे नहीं होंगे तो, धरती पर न जीवन होगा और न जीव, इसलिए हमें समय रहते अपनी आदतों में सुधार करना ही पड़ेगा ।
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में किया पौधारोपण
ज़ेवर क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र सिंह ने शनिवार को पौधारोपण कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के "पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ" अभियान के क्रम में जेवर विधानसभा क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा में कासना स्थित साइट-V यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में वन विभाग के सहयोग से सैंकड़ों छात्राओं और लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों के साथ 04 हज़ार वृक्ष रोपित किए। तत्पश्चात ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पी-3 में भी ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस व अन्य अधिकारियों के साथ साथ सेक्टरवासियों और शेओरन इंटरनेशन स्कूल के बच्चों के साथ वृक्ष रोपित किए गए।
वातावरण पर डाला प्रकाश
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बढ़ते प्रदूषण और लगातार जहरीले होते जा रहे वातावरण को देखते हुए वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "वृक्ष हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। पौधे तो मनुष्य के बिना रह सकते हैं, लेकिन पेड़-पौधों के बिना मनुष्य का जीवन असंभव है। वृक्ष हमें स्वच्छ हवा प्रदान करने के साथ साथ विभिन्न रोगों से भी छुटकारा दिलाएंगे।" जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने आगे कहा कि "हम यदि प्राकृतिक आपदाओं से बचना चाहते हैं तो वृक्षों के संरक्षण की ओर ठोस कदम उठाने ही होंगे। आज हम इस दिशा में कार्य करेंगे, तभी आनी वाली पीढ़ियों को भी इस ओर काम करने की प्रेरणा मिलेगी।"