ग्रेटर नोएडा के किसानों के लिए अच्छी खबर, छह फीसदी भूखंड की पात्रता के लिए लगेगा शिविर
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 08:17 AM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
18 Nov 2025 08:17 AM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जमीन देने वाले किसानों की छह फीसदी भूखंड प्राप्त करने की पात्रता तय करने के लिए आगामी शनिवार को घंघोला गांव में शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें किसानों की पात्रता निर्धारित की जाएगी। किसान पात्रता से जुड़े दस्तावेज कैंप में प्राधिकरण के अधिकारियों को सौंप सकते हैं। इसके बाद प्राधिकरण अन्य गांवों में भी इसी तरह का शिविर लगाने के लिए शेड्यूल जारी करेगा।
Greater Noida News
किसानों के लिए उठाया गया बड़ा कदम
इस शिविर में प्रोजेक्ट, जनस्वास्थ्य व अन्य विभागों के अधिकारी भी कैंप में मौजूद रहेंगे। ग्रामीण गांव की समस्याओं से भी प्राधिकरण की टीम को अवगत करा सकते हैं। उन समस्याओं को भी हल किया जाएगा। दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण विकास परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित करता है और उसके एवज में प्राधिकरण की तरफ से कुल अधिग्रहित जमीन का 06 फीसदी हिस्सा विकसित करके किसानों को देता है। इसकी पात्रता तय करने के लिए किसानों को प्राधिकरण आना पड़ता है।
गांव में किसानों के लिए लगेंगे शिविर
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने किसानों को सुविधा प्रदान करते हुए छह फीसदी भूखंड प्राप्त करने की पात्रता तय करने के लिए गांवों में ही शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में कई गांवों में शिविर लगाए जा चुके हैं। लोकसभा चुनाव के चलते शिविर का आयोजन बंद कर दिया गया था। अब फिर से ये शिविर लगाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में आगामी शनिवार को प्राधिकरण के भूलेख विभाग, परियोजना विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग की टीम सुबह करीब 10 बजे प्राथमिक विद्यालय पहुंचेगी। किसानों सेे छह फीसदी भूखंड के लिए कागजात लेकर उनकी मांगों को पूरा करेगी। Greater Noida News