कुणाल हत्याकांड के 2 आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस की गोली से एक घायल
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
16 Nov 2025 06:24 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
16 Nov 2025 06:24 PM
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होटल व्यापारी के नाबालिग बेटे का अपहरण और हत्या के मामले में ग्रेटर नोएडा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 थाना और स्वाट की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद बच्चे की हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक अपहरण और हत्या की साजिश आरोपियों ने ब्याज के पैसों के लेनदेन और मृतक के पिता के होटल को हथियाने को लेकर की थी।
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा के बीटा दो कोतवाली क्षेत्र में व्यापारी कृष्ण कुमार शर्मा के बेटे कुनाल के अपहरण और हत्याकांड के मामले में बुधवार देर रात पुलिस ने मामले का पर्दाफाश किया है। ग्रेटर नोएडा पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कोडा कार के अलावा तमंचा, कारतूस बरामद किए है।
गोली लगने से एक आरोपी घायल
मिली जामकारी के अनुसार पुलिस और स्वाट टीम की इस कार्रवाई में एक बदमाश कुनाल भाटी के गोली लगी है। जबकि उसका साथी हिमांशु मौके से पकड़ा गया है। कुनाल ग्रेटर नोएडा के डाढ़ा गांव का रहने वाला है, जबकि हिमांशु बुलंदशहर के अगौता का रहने वाला है। पुलिस ने दावा किया है कि मनोज के साथ मिलकर आरोपियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। इस हत्याकांड को ब्याज के रुपयों के लेनदेन और होटल पर कब्जा करने के उद्देश्य से अंजाम दिया गया था।
सबूत मिटाने जा रहे थे आरोपी
आपको बता दें कि बीते 1 मई को ग्रेटर नोएडा इलाके रबूपुरा के रहने वाले होटल व्यापारी कृष्ण कुमार का 15 वर्षीय बेटा अचानक होटल से लापता हो गया था। काफी खोजबीन और सीसीटीवी खंगालने पर पता चला कि उसका अपहरण किया गया है। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। किशोर के अपहरण के चार दिन बाद उसका शव बुलंदशहर में एक नहर से मिला था। इस घटना में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए थाना बीटा 2 और स्वाट की टीम लगी हुई थी। इसी बीच ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 थाना पुलिस की टीम और स्वाट टीम को मैन्युअल इंटेलिजेंस से पता चला कि घटना में शामिल आरोपी घटना में प्रयुक्त गाड़ी को लेकर कुछ साक्ष्य मिटाने जा रहे हैं।
पुलिस ने दी जानकारी
डीसीपी साद मिया खान ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों के द्वारा साक्ष्य मिटाने के लिए घूमने की सूचना मिली थी। इसके बाद चेकिंग शुरू की गई तो आरोपियों के साथ मुठभेड़ हो गई। उन्होने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि हत्या ब्याज के पैसे के लेनदेन और मृतक के होटल को हथियाने को लेकर की गई थी। इस मामले में मुठभेड़ के बाद घायल कुणाल और उसका साथी हिमांशु गिरफ्तार हुआ है, जबकि मनोज नाम का एक आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुका है। उन्होने कहा कि इस घटना में एक महिला भी शामिल है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।